Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदर्शनों और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया पर टारगेट करने का मामला सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आई है कि सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत जानकारी और तस्वीरें सार्वजनिक करने वाले असामाजिक तत्वों और अकाउंट संचालकों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
‘सब याद रखा जाएगा’ नाम का अकाउंट हो रहा है वायरल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन दिनों सोशल मीडिया पर ‘सब याद रखा जाएगा’ नाम से एक अकाउंट तेजी से वायरल हो रहा है। इस अकाउंट पर गंभीर आरोप हैं कि विभिन्न प्रदर्शनों और आयोजनों में ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों की तस्वीरें क्लिक कर अपलोड की जा रही हैं। इतना ही नहीं, तस्वीरों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की निजी और व्यक्तिगत जानकारियां भी ऑनलाइन साझा की जा रही हैं, जिससे उनकी निजता और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस अकाउंट से साझा हो रही हैं पुलिसकर्मियों की जानकारी
कानून के खिलाफ है निजी जानकारी सार्वजनिक करना
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस तरह की हरकतों को पूरी तरह से गैरकानूनी और निजता का हनन करार दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अपने आधिकारिक कर्तव्यों का पालन कर रहे सुरक्षाकर्मियों की पहचान उजागर करना और उन्हें सोशल मीडिया के जरिए निशाना बनाना कानूनन अपराध है। इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और संबंधित विंग्स सक्रिय हो गई हैं। उन सभी सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान की जा रही है जो इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अकाउंट्स को ऑपरेट करने वाले और भ्रामक या संवेदनशील जानकारी साझा करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
