राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विदेशी नागरिकों के वीजा और पासपोर्ट सत्यापन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने पहाड़गंज स्थित एक होटल में छापेमारी कर वीजा शर्तों का उल्लंघन कर भारत में गैर-कानूनी तरीके से तय सीमा से अधिक समय से रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। तीनों आरोपी बांग्लादेश के नोआखाली जिले के निवासी हैं। पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद उन्हें फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें डिपोर्ट किए जाने तक दिल्ली के सेवा धाम स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है।
पुलिस की हिरासत में आरोपी
होटल सुदर्शन पैलेस में चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सेंट्रल दिल्ली के होटलों और गेस्ट हाउसों में ठहरे विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की गहन सघन चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सब-इंस्पेक्टर (SI) राकेश और हेड कांस्टेबल नरेंद्र की टीम पहाड़गंज स्थित होटल सुदर्शन पैलेस में जांच करने पहुंची। होटल में ठहरे तीन बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट और वीजा की जब बारीकी से जांच की गई, तो बड़े उल्लंघन का खुलासा हुआ।
15 दिन रुकने की थी अनुमति, तय सीमा के बाद भी जमे रहे
पुलिस जांच में पता चला कि तीनों नागरिक 6 अक्टूबर 2026 को 'डबल एंट्री वीजा' पर भारत आए थे। हालांकि उनका वीजा 14 दिसंबर 2026 तक वैध था, लेकिन वीजा नियमों के अनुसार उन्हें भारत में एक बार में अधिकतम केवल 15 दिन रुकने की ही अनुमति प्राप्त थी। 15 दिनों की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद तीनों बिना किसी आधिकारिक अनुमति या एक्सटेंशन के भारत में लगातार रह रहे थे। पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान सलाउद्दीन (उम्र 53 वर्ष), शौकत अली (उम्र 40 वर्ष) और कमरुल हसन (उम्र 25 वर्ष) के तौर पर हुई है। तीनों निवासी नोआखाली, बांग्लादेश के रहने वाले हैं।
मेडिकल के बाद भेजे गए डिटेंशन सेंटर
हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस टीम ने तीनों बांग्लादेशी नागरिकों को पहले एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल ले जाकर उनकी विस्तृत मेडिकल जांच कराई। इसके उपरांत उन्हें FRRO के समक्ष प्रस्तुत किया गया। FRRO अधिकारियों द्वारा तीनों के खिलाफ भारत में प्रवास पर प्रतिबंध (Restriction Orders) संबंधी कानूनी आदेश जारी किए जाने के बाद उन्हें तुरंत सेवा धाम डिटेंशन सेंटर स्थानांतरित कर दिया गया। दिल्ली पुलिस और संबंधित एजेंसियां अब तीनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वापस बांग्लादेश डिपोर्ट करने की कागजी कार्रवाई में जुटी हैं।
