दिल्ली

Delhi News: दिल्ली के पांडव नगर में सनसनीखेज वारदात, दो बच्चों के शव बरामद; लहूलुहान मिली महिला

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 20, 2024, 09:02 PM IST

दिल्ली के पांडवनगर में एक घर में बेटा-बेटी के शव बरामद हुए हैं और उसकी मां लहूलुहान मिली हैं। वहीं, महिला के पति फरार हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : BCCL

Delhi News: पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में एक सनसनीखेज वारदात हुई है, जिसमें एक घर के अंदर एक महिला लहूलुहान और दो बच्चे मृत अवस्था में मिले हैं और उनके पिता लापता हैं। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दरअसल, पुलिस को फोन करने वाले ने बताया कि शशि गार्डन के रहने वाले 42 साल के श्याम जी नामक उनका भाई लापता है और उनके घर पर कल से ताला लगा हुआ है।

बंद घर में मिले शव

जानकारी के मुताबिक, पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में एक बंद घर के अंदर एक 15 साल के लड़के और एक 9 साल की लड़की की लाश मिली है। इस घर में बच्चों की मां गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चों का पिता फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही घर में मौजूद घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

महिला का पति फरार

पूर्वी दिल्ली डीसीपी अपूर्वा गुप्ता ने बताया है कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक पीसीआर कॉल मिली और फोन करने वाले ने बताया कि उसका भाई कल से लापता है और उसके घर पर ताला लगा हुआ है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि घर के अंदर तीन लोग पड़े थे। महिला की उम्र करीब 38-40 साल है और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। दो बच्चे भी मिले, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी। फरार व्यक्ति की तलाश जारी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End of Article