Exit Polls: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए आज यानी बुधवार 5 फरवरी को मतदान हुआ। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद एग्जिट पोल्स के नतीजे सामने आए। ज्यादातर एग्जिट पोल्स के अनुसार दिल्ली में इस बार भाजपा की लंबे समय बाद सत्ता में वापसी हो रही है। एग्जिट पोल्स में बताया गया है कि 8 फरवरी को जब मतगणना होगी, उस दिन दिल्ली से AAP का सरकार से बाहर होना तय है। चलिए जानते हैं किस-किस एग्जिट पोल के अनुसार दिल्ली में भाजपा की सरकार बन रही है और पार्टी को कितनी सीटें मिल रही हैं।
एग्जिट पोल्स के अनुसार दिल्ली में बनेगी भाजपा सरकार
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की जनता को संबोधित करते हुए कहा था कि मुझे देश की सेवा करने का मौका तीन बार मिला। आपने अभी तक मौका नहीं दिया, एक बार मौका दें। एग्जिट पोल्स के नतीजों को देखते हुए लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी की इस भावुक अपील का दिल्ली के मतदाताओं पर अच्छा असर पड़ा है और पार्टी 1993 के बाद पहली बार दिल्ली में सरकार बना सकती है।
आराम से जीत जाएगी भाजपा
चाणक्य के एग्जिट पोल के अनुसार दिल्ली में भाजपा की सरकार बनना तय है। चाणक्य एग्जिट पोल के अनुसार दिल्ली में भाजपा को 39-44 सीटें मिल सकती हैं, जबकि सत्तारूढ़ AAP 25-28 सीटों पर सिमट सकती है। इस एग्जिट पोल के अनुसार कांग्रेस को भी 2-3 सीटें मिलने का अनुमान है।
पीपल्स इनसाइट के अनुसार दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी को 40-44 तक सीटें मिल सकती हैं। इस एक्जिट पोल के अनुसार सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भी बहुत दूर नहीं है। AAP को विधानसभा चुनाव में 24 से 29 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस 2015 और 2020 के बाद पहली बार खाता खोल सकती है और उसे दो सीटें मिलने का अनुमान है।
JVC के एग्जिट पोल के अनुसार दिल्ली में इस बार भाजपा सरकार तय है। एग्जिट पोल में बताया गया है कि 8 फरवरी को दिल्ली में भाजपा की झोली में 39 से 45 सीटें जा सकती हैं। जबकि AAP को भी 22-31 सीटें तक मिल सकती हैं। कांग्रेस को 0-2 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान है, जबकि एक सीट अन्य की झोली में भी जा सकती है।
भाजपा की सुनामी
पीपुल्स पल्स के अनुसार इस बार दिल्ली में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। इस एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को दिल्ली में 51 से 60 तक सीटें मिल सकती हैं। वहीं दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी 10-19 सीटों पर सिमट सकती है। जबकि कांग्रेस लगातार तीसरी बार शून्य पर रह सकती है।
Poll Diary Exit Poll का मानना है कि दिल्ली में भाजपा इस बार सीटों की हाफ सेंचुरी लगा सकती है। एग्जिट पोल के अनुसार BJP को दिल्ली की 70 सीटों में से 42-50 सीटों पर जीत मिल सकती है, जबकि सत्तारूढ़ AAP 18-24 तक सिमच सकती है। कांग्रेस को भी 0-2 सीटें मिलने का अनुमान है और 0-1 सीट अन्य की झोली में गिर सकती है।
कांटे की टक्कर, भाजपा को बढ़त
मैटराइज के सर्वे के अनुसार दिल्ली में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है। इस एग्टिज पोल के अनुसार दोनों में से कोई भी पार्टी सत्ता में आ सकती है। matrize के अनुसार भाजपा को 35-40 सीटें मिल सकती हैं, जबकि AAP को 32-37 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस भी 1 सीट पर जीत दर्ज कर सकती है।
डीवी रिसर्च के एग्जिट के अनुसार दिल्ली में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। इसके बावजूद एग्जिट पोल में भाजपा को 36 से 44 तक सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि आम आदमी पार्टी भी 26 से 36 तक सीटें जीत सकती है। कांग्रेस और अन्य का खाता भी दिल्ली में नहीं खुलेगा।
P Marq के अनुसार भाजपा को दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से 39-49 तक सीटें मिल सकती हैं। हालांकि, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भी 21-31 सीटों के बीच रह सकती है। इस तरह से AAP कांटे की टक्कर दे सकती है। कांग्रेस दिल्ली में इस बार एक सीट पर जीत दर्ज कर सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
