Tillu Tajpuriya Murder Video : तिहाड़ जेल की गिनती देश की सबसे सुरक्षित जेलों में की जाती है। हाल ही में यहां पर टिल्लू ताजपुरिया (Tillu Tajpuriya) की सुआ से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस पूरी घटना से जुड़ा हुआ एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि तीन पुलिसकर्मी टिल्लू को चादर पर लिटाकर बाहर की तरफ ला रहे हैं। वहीं, अन्य दो पुलिसकर्मी लॉकअप की निगरानी कर रहे हैं। हालांकि जेल में जिस बेरहमी के साथ टिल्लू की हत्या की गई है वो दिल दहला देने वाला है। बता दें कि जेल के अंदर हुई इस हत्या के पीछे दीपक तीतर और उसके साथियों का नाम सामने आया है। वहीं, इस सीसीटीवी फुटेज के आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का भी बयान सामने आया। उन्होंने कहा है कि तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया पर जानलेवा हमले के मामले में सात जेलकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं।
CCTV में क्या दिखा
हत्याकांड के दूसरे सीसीटीवी फुटेज को दो मई का बताया जा रहा है। इस फुटेज में देखा जा सकता है कि लहूलुहान हो चुका टिल्लू बदहवास होकर जमीन पर पड़ा है, जिसे पुलिसकर्मी बाहर लेकर आ रहे हैं। वहीं, दीपक तीतर कुछ कहता हुआ दिखा। जैसे ही पुलिसकर्मी टिल्लू को बाहर लेकर आते हैं वैसे ही दीपक तीतर भी बाहर आता है और टिल्लू को लातों से जमकर मारने लगता है। जब तक पुलिसकर्मी उसे बचाते तब तक दीपक ने टिल्लू पर सूए से वार करना शुरू कर दिया।
मूकदर्शक बनी रही पुलिस
जिस समय दीपक तीतर टिल्लू पर सुए से वार कर रहा था उसके कुछ ही सेकेंड बाद तीतर के साथी भी जेल से बाहर आ जाते हैं और वे भी हमला करने लगते हैं। काफी समय के बाद जब पुलिसकर्मी आगे बढ़ते हैं तो तीतर उन्हें भी धक्का दे देता है। इस पूरे हत्याकांड के दौरान आठ पुलिसकर्मी वहां पर मौजूद थे जो कि मूक दर्शक बने रहे। दीपक ने सुए से टिल्लू के चेहरे और पेट पर एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार किए जिससे वो बुरी तरह से लहूलुहान हो गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
