दिल्ली

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर रात गुजारने का सुनहरा मौका, दिल्ली मेट्रो ने की खास व्यवस्था

दिल्ली मेट्रो ने अपने नेटवर्क के नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर रात गुजारने की शानदार व्यवस्था कर दी है। आप सिर्फ 400 रुपये खर्च करके यहां शान से रात गुजार सकते हैं। दरअसल DMRC ने नई दिल्ली स्टेशन पर पॉड होटल की व्यवस्था की है, जहां पर आप रातभर विश्राम कर सकते हैं।

Image

दिल्ली में स्टेशन पर खड़ी मेट्रो ट्रेन

Photo : Twitter

दिल्ली मेट्रो, दिल्ली की लाइफलाइन है। दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों के लिए सुबह मेट्रो का का सफर एक रूटीन है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आप मेट्रो स्टेशन पर ही सो भी सकते हैं? निश्चित तौर पर सो सकते हैं, लेकिन रात को मेट्रो का संचालन बंद होने के साथ ही आपको वहां से बाहर निकाल दिया जाएगा। फिर भी अगर आप मेट्रो स्टेशन पर सोना चाहते हैं तो दिल्ली मेट्रो ने आपकी यह इच्छा पूरी कर दी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने मेट्रोस्टे नाम से पॉड होटल की सुविधा शुरू की है। यहां आप सिर्फ 400 रुपये की शुरुआती दाम चुकाकर आरामदायक पॉड में रातभर विश्राम कर सकते हैं।

किन स्टेशनों पर है पॉड होटल

दिल्ली मेट्रो ने पॉड होटल की व्यवस्था अभी सिर्फ नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर ही की है। यानी नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन के अलावा किसी अन्य मेट्रो स्टेशन पर रात में ठहरने की व्यवस्था फिलहाल तो नहीं है। भविष्य में हो सकता है DMRC ऐसी व्यवस्था कुछ अन्य स्टेशनों पर भी दे सकती है।

नई दिल्ली स्टेशन पर ही क्यों?

मेट्रो पॉड होटल की व्यवस्था नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर की गई है। क्योंकि यहीं से दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की भी शुरुआत होती है। लंबा हवाई सफर करके करने आने वाले यात्री नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन के इस पॉड होटल में मातर 400 रुपये देकर आराम कर सकते हैं। यही नहीं नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन सीधे भारतीय रेलवे नेटवर्क के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से जुड़ा है। यहां से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक पैदल ही पहुंच सकते हैं। ऐसे में ट्रेन की लंबी और थकाऊ यात्रा से आने वाले या लंबी यात्रा पर जाने वाले यात्री भी इस पॉड होटल में आराम कर सकते हैं।

So Delhi नाम के एक इंस्टाग्राम पेज पर शनिवार 29 मार्च को इस पॉड होटल का एक छोटा सा टूर सेयर किया गया है। इस छोटे से वीडियो में मेट्रोस्टे के अंदर मिलने वाली सभी सुविधाओं के बारे में बताया गया है।

मेट्रोस्टे में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

Metro-Stay

नई दिल्ली स्टेशन पर मौजूद पॉड होटल

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो के अनुसार मेट्रोस्टे में एक आरामदायक बंक बेड मिलता है, जहां पर अच्छी खासी जगह है। आपको अपने सामान की चिंता करने की भी जरूरत नहीं है, क्योंकि यहां पर आपके सामान को सुरक्षित रखने के लिए एक डिजिटल लॉकर भी दिया गया है। ताकि आप आराम से सो सकें। इसके अलावा यहां पर को-वर्किंग स्पेस भी दिया गया है। यानी यहां पर बैठकर आप आराम से अपने दफ्तर का काम भी कर सकते हैं।

मनोरंजन की भी व्यवस्था है यहां

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर मौजूद इस पॉड होटल में आपके मनोरंजन का भी भरपूर ध्यान रखा गया है। यहां पर गेम एरिया भी मौजूद है, जिसमें कैरम जैसे इंडोर गेम्स मौजूद हैं और आरामदायक सीटिंग एरिया है। फिल्म देखने के लिए यहां पर एक थिएटर भी मौजूद है। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां पॉड होटल में उनके लिए अलग से फीमेल डोरमेट्री और वॉशरूम की भी व्यवस्था है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article