एक मेरठ की मुस्कान थी, जिसने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की और फिर उसके शरीर के टुकड़े करके एक नीले ड्रम में सीमेंट के साथ जमा दिए। एक बदायूं की मुस्कान है, जिसे उसके पति ने मारकर ठिकाने लगा दिया। बदायूं की मुस्कान की कहानी भी प्यार में धोखे की ही है। उसके अपने पति ने उसे प्यार में धोखा दिया और बाद में उसकी जान ले ली। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है।
मामला सिविल लाइन थाना इलाके के जहानाबाद गालम पट्टी का है। यहां की 25 वर्षीय मुस्कान एक डांसर थी और स्टेज शो के दौरान रिजवान नाम के लड़के प्यार के चक्कर में पड़ गई। प्यार परवान चढ़ा तो दोनों ने घर वालों की मर्जी के खिलाफ उसी तरह से शादी कर ली, जैसे सौरभ और मुस्कान ने की थी। शादी के बाद मुस्कान और रिजवान साथ रहने लगे।
प्यार से मारपीट और फिर हत्या तक
लेकिन रिजवान को हमेशा मुस्कान में शक रहने लगा और इसी शक में वह मुस्कान के साथ मारपीट भी करने लगा। लगभग एक महीने पहले मुस्कान अचानक गायब हो गई। जब मुस्कान के घरवालों को इस बात की जानकारी हुई तो उनका शक रिजवान पर था। रिजवान की पहले भी शादी हो चुकी थी, वह अपनी पहली पत्नी के साथ भी अक्सर रहा करता था। शिकायत करने पर पुलिस ने रिजवान से पूछताछ की। शुरुआत में तो रिजवान इधर-उधर की बातें करके पुलिस को गुमराह करता रहा। पुलिस भी मामले में ढिलाई बरतती रही। परिजनों के अनुसार भाजपा विधायक के हस्तक्षेप के बाद मुकदमा दर्ज किया गया।
मुस्कान की मौत बनी बेवफाई की कहानी
राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने जब सख्ती की तो कहानी परत दर परत खुलती चली गई। पुलिस की सख्ती के आगे रिजवान ज्यादा समय तक टिक नहीं पाया और उसने अपना गुनाह कुबूल कर लिया। पुलिस ने रिजवान की निशानदेही पर उझानी कोतवाली के बासौमा गांव के जंगल से मुस्कान की लाश भी बरामद कर ली है। आरोपी रिजवान को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है और मुस्कान की डेड बॉडी को पोस्मार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस की कहानी
सिटी एसपी अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि जब रिजवान से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसने अपने दो साथियों राधेश्याम और रामऔतार की मदद से मुस्कान की हत्या की। हत्या के बाद शव को गड्ढे में दफना दिया। सिटी एसपी के अनुसार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार रिजवान, मुस्कान को हर महीने 10 हजार रुपये देता था, जबकि वह 40 हजार रुपये की मांग करती थी। यही मांग मुस्कान की मौत की वजह बन गई।
