Republic Day 2024: दिल्ली पुलिस की महिला टुकड़ी करेगी गणतंत्र दिवस पर परेड, नॉर्थ ईस्ट महिलाओं की भागेदारी ज्यादा

  • Agency by: Agency
  • Updated Jan 15, 2024, 06:39 PM IST

Republic Day 2024: गणतंत्र दिवस पर इस बार दिल्ली पुलिस की ओर से महिला टुकड़ी मार्च करने वाली है। इस टुकड़ी में ज्यादार महिलाएं मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड जैसे पूर्वोत्तर राज्यों से हैं।

Republic Day 2024: आगामी गणतंत्र दिवस परेड में दिल्ली पुलिस की ओर से मार्च करने वाली महिला टुकड़ी (ऑल वूमन मार्चिंग कंटिन्जेंट) की अधिकांश सदस्य नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर राज्यों से हैं। इस टुकड़ी का नेतृत्व कर रहीं भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की अधिकारी श्वेता के. सुगाथन ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस टुकड़ी में शामिल पुलिसकर्मियों में से कई ने वर्ष 2023 की परेड में भी हिस्सा लिया था। सुगाथन ने कहा कि मौजूदा टुकड़ी की सदस्य कांस्टेबल और हेडकांस्टेबल रैंक की हैं। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के इतिहास में यह पहली बार है कि मार्च करने वाली टुकड़ी में केवल महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगी और इस बार इस टुकड़ी में शामिल 80 फीसदी प्रतिभागी मूल रूप से पूर्वोत्तर राज्यों की निवासी हैं। इस टुकड़ी में शामिल महिला पुलिसकर्मी नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और असम से हैं।

Republic Day Parade

गणतंत्र दिवस परेड (फोटो साभार - ट्विटर)

महिला पाइप बैंड का नेतृत्व भी एक महिला कांस्टेबल रुयांगनुओ केन्से द्वारा किया जाएगा। इस बैंड में 135 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल हैं, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुगाथन ने कहा कि हमारी टीम में ज्यादातर महिलाएं पूर्वोत्तर राज्यों से हैं। हमारे पास मूल रूप से मिजोरम, नगालैंड, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और असम निवासी कांस्टेबल हैं। उन्होंने कहा कि मैंने पिछले साल भी दिल्ली पुलिस की एक टुकड़ी का नेतृत्व किया था, लेकिन यह पुरुषकर्मियों की टुकड़ी थी। इस साल यह अलग है क्योंकि यह पूरी तरह से महिला टीम है। वे सभी बहुत उत्साहित हैं। सुगाथन ने कहा कि तैयारियां जोरों पर हैं और इस टुकड़ी को गणतंत्र दिवस पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की उम्मीद है।

End of Feed