दिल्ली

दिल्ली सरकार भव्य रूप से मनाएगी 'हिंदू नव वर्ष', 'फलाहार कार्यक्रम' का भी होगा आयोजन; कैलाश खेर बांधेंगे समां

Hindu Nav Varsh 2025: दिल्ली सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नव संवत्सर 'हिंदू नव वर्ष' को बड़े स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। दिल्ली विधानसभा को दीपों से सजाया जाएगा और इस शुभ अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि होंगी।

Image

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Hindu Nav Varsh 2025: दिल्ली सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नव संवत्सर 'हिंदू नव वर्ष' को बड़े स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। यह पहला अवसर होगा जब दिल्ली सरकार इस पर्व को इतने भव्य रूप से आयोजित करेगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

दिल्ली विधानसभा को दीपों से सजाया जाएगा और इस शुभ अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि होंगी, जबकि कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा दिल्ली सरकार के अन्य मंत्री और विधायक भी इस उत्सव में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम की खास बात प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर और उनके कैलासा बैंड की संगीतमय प्रस्तुति होगी, जो इस उत्सव में चार चांद लगाएगी।

'फलाहार आयोजन' का विशेष आयोजन

नवरात्रि के पहले दिन यानी 30 मार्च को विधानसभा लॉन में 'फलाहार कार्यक्रम' आयोजित किया जाएगा। इस दौरान व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष फलाहार की व्यवस्था की जाएगी।

इसके अलावा, दिल्ली सरकार सप्तमी, अष्टमी और नवमी को भी विभिन्न स्थानों पर 'फलाहार आयोजन' करेगी, जहां श्रद्धालु व्रत खोल सकेंगे। इन आयोजनों में कन्या पूजन का विशेष कार्यक्रम भी होगा, जिसमें गरीब एवं जरूरतमंद बालिकाओं को भोजन कराया जाएगा और देवी के नौ रूपों की विशेष पूजा की जाएगी।

दिल्ली सरकार हिंदू नव वर्ष के साथ-साथ रामनवमी, हनुमान जन्मोत्सव और अंबेडकर जयंती को भी भव्य स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है।

कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया, "यह पहली बार है जब दिल्ली सरकार इतने व्यापक स्तर पर भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का प्रयास कर रही है। भविष्य में भी हम ऐसे सांस्कृतिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे। दिल्लीवासियों से अनुरोध है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे यादगार बनाएं।"

संस्कृति को संजोने की पहल

दिल्ली अपनी कला, संस्कृति और इतिहास के लिए जानी जाती है। दिल्ली सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए बजट में भी कला और संस्कृति को विशेष महत्व दिया है। सरकार की साहित्य कला परिषद ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और आगे भी इस तरह के कार्यक्रमों को बढ़ावा देती रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article