दिल्ली

'शीशमहल' में नहीं तो कहां रहेंगी दिल्ली CM? मुख्यमंत्री आवास का हो रहा चयन; लुटियंस दिल्ली में देखे गए बंगले

Delhi CM Residence: दिल्ली की नवगठित भाजपा सरकार के मंत्रियों को सरकारी आवासों का आवंटन शुरू हो गया है, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए उपयुक्त आवास की तलाश समाप्त हो पाई है। एक सरकारी सूत्र के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी विभाग मुख्यमंत्री के लिए दिल्ली सचिवालय के पास एक उपयुक्त बंगले की तलाश कर रहा है।

Image

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (फोटो साभार: @gupta_rekha)

Photo : Twitter

Delhi CM Residence: दिल्ली की नवगठित भाजपा सरकार के मंत्रियों को सरकारी आवासों का आवंटन शुरू हो गया है, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए उपयुक्त आवास की तलाश समाप्त हो पाई है। मुख्यमंत्री ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया था कि वह 'शीशमहल' में नहीं रहेंगी। ऐसे में उनके लिए उपयुक्त आवास की तलाश हो रही है। दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने केजरीवाल को 'शीशमहल' के मुद्दे पर जमकर घेरा था।

लुटियंस दिल्ली में देखे गए बंगले

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सभी मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विपक्ष के नेता को सरकारी आवास की पेशकश की है। एक सरकारी सूत्र के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी विभाग मुख्यमंत्री के लिए दिल्ली सचिवालय के पास एक उपयुक्त बंगले की तलाश कर रहा है। सूत्र ने बताया, ''लुटियंस दिल्ली में कुछ बंगले देखे गए हैं, लेकिन अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।'' मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता फिलहाल शालीमार बाग स्थित अपने आवास में रह रही हैं।

मंत्रियों के लिए आवास का हो रहा आवंटन

दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्हें राज निवास के नजदीक सिविल लाइंस इलाके में एक बंगला आवंटित किया गया है। बिष्ट ने कहा कि मैं नवरात्रि के दौरान अपने आधिकारिक आवास में जाऊंगा। सूत्रों के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को लुटियंस दिल्ली में तिलक मार्ग स्थित बंगला फिर से आवंटित किया गया है, जहां वह पहले से रह रहे हैं। उन्हें विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर यह बंगला आवंटित किया गया था।

लुटियंस दिल्ली में आवास चाहते हैं कई मंत्री!

सूत्रों के मुताबिक, कुछ अन्य मंत्रियों ने भी लुटियंस दिल्ली में आवास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री आशीष सूद को चाणक्यपुरी में बंगला आवंटित किया गया है। सूत्रों के अनुसार, तीन अन्य मंत्रियों कपिल मिश्रा, पंकज सिंह और रवींद्र इंद्राज को सिविल लाइंस में शामनाथ मार्ग पर बंगले आवंटित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यू मंत्री प्रवेश वर्मा के लुटियंस दिल्ली के विंडसर प्लेस में अपना मौजूदा आवास बरकरार रखने की संभावना है, जो उन्हें सांसद के तौर पर आवंटित किया गया था। सूत्रों ने बताया कि पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को भी कई विकल्प दिए गए हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई आ‍वास स्वीकार नहीं किया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article