Delhi Weather: दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार को धूल भरी आंधी के बाद जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में तेज हवाएं चलने तथा और अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है। आज, यानी शनिवार की दोपहर दिल्ली के मध्य, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, उत्तरी क्षेत्रों और नोएडा सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी आई और बारिश हुई।
दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट
रात में आएगी बारिश
भारत मौसम विभाग (IMD) ने अपनी नवीनतम मौसम अधिसूचना में कहा, "पिछले मौसम अलर्ट के क्रम में आने वाले घंटों में दिल्ली और NCR में धूल भरी आंधी के बाद हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।"
आंधी-बारिश से हुआ नुकसान
शनिवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर के तहत न्यू अशोक नगर स्टेशन पर स्टील की छत का एक हिस्सा तेज आंधी और भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने एक बयान में कहा कि इस घटना के संबंध में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अचानक मौसम खराब होने के कारण यह घटना हुई, जिसकी वजह से अधिकारियों को एहतियात के तौर पर स्टेशन पर परिचालन रोकना पड़ा। नुकसान का आकलन करने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
बयान में कहा गया है, "शनिवार को तेज आंधी के कारण न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन की टिन की छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एहतियात के तौर पर स्टेशन पर परिचालन तत्काल रोक दिया गया।" वहीं, नोएडा सहित दिल्ली NCR के कुछ हिस्सों में तूफान के कारण पेड़ उखड़ने की भी सूचना मिली।
सामान्य से अधिक रहा पारा
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम था।
IMD ने रविवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 डिग्री सेल्सियस और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
क्या रहा हवा का हाल
इस बीच, रोजाना शाम चार बजे जारी किया जाने वाला दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) का डेटा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा साझा नहीं किया गया। हालांकि, शाम छह बजे प्रति घंटे के डाटा में एक्यूआई 157 के साथ 'मध्यम' श्रेणी में दिखाया गया।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
