Shiva Temple in Delhi: महाशिवरात्रि पर राजधानी के शिव मंदिरों में देर रात से ही भक्तों का पहुंचना जारी है। मंदिर भोलेनाथ के जयकारों से गूंज रहे हैं। दिल्ली के एकमात्र दक्षिणमुखी शिवलिंग वाले बिड़ला मंदिर में हजारों भक्तों का पहुंचना लगातार जारी है। इसके अलावा चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर और जमुना बाजार स्थित नीली छतरी मंदिर में भी भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। मान्यता है कि महाशिवरात्रि पर जो भी भक्त सच्चे मन से भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजन करता है उसकी सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। अगर आप भी अपने परिवार के साथ भोलेनाथ के दर्शन के लिए मंदिर जाना चाहते हैं तो आप दिल्ली के इन प्रमुख शिव मंदिरों में जा सकते हैं।
दिल्ली के एक मंदिर में लगी भक्तों की लाइन
मंगल महादेव बिरला कानन मंदिर
शिवाजी मार्ग पर स्थित मंगल महादेव बिरला कानन मंदिर में रात से ही भोलेनात के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ लगी है। महाशिवरात्रि पर यहां भव्य आयोजन किया गया है। करीब 200 एकड़ में फैले इस विशाल मंदिर में भगवान शिव की 100 फीट विशाल प्रतिमा, माता पार्वती, कार्तिकेय, नंदी, सीता-राम भगवान की प्रतिमाएं विराजमान हैं। इस मंदिर पहुंच आप दक्षिणमुखी शिवलिंग का जलाभिषेक करने के साथ भोलेनाथ का दर्शन कर सकते हैं।गौरी शंकर मंदिर, चांदनी चौक
चांदनी चौक में स्थित गौरी शंकर मंदिर बेहद प्राचीन और ऐतिहासिक है। मान्यता है कि यह मंदिर 800 साल पुराना है। इस मंदिर का भवन निर्माण एक घायल मराठा सिपाही ने भोलेनाथ की कृपा ये नया जीवन मिलने पर कराया था। इस प्राचीन मंदिर में भक्तों की भारी श्रद्धा है। महाशिवरात्रि के अवसर पर इस मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। यहां पर देर रात से ही न केवल दिल्ली बल्कि दूसरे राज्यों से भी हजारों श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।नीली छतरी मंदिर
दिल्ली के जमुना बाजार स्थित नीली छतरी मंदिर एक पौराणिक मंदिर है। मान्यता है कि यहां पर शिवलिंग की स्थापना युधिष्ठिर ने भगवान कृष्ण के कहने पर किया था। श्रीकृष्ण ने यहीं पर आठवां विवाह किया था। इस प्राचीन और पौराणिक मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है।
शिव मंदिर गुफा वाला
महाशिवरात्रि पर आप अपने परिवार के साथ प्रीत विहार स्थित शिव मंदिर में भी पूजा अर्चना कर सकते हैं। इस शिव मंदिर को गुफा वाला मंदिर भी कहा जाता है। यहां भोलेनाथ के दर्शन के लिए गुफा के जरिए जाना होता है। यह मंदिर करीब 23 साल पुराना है। इस मंदिर की मान्यता भी दूर-दूर तक फैली है। यही कारण है कि यहां भक्तों की सुबह से ही भीड़ उमड़ रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
