Durga Puja Pandals In Delhi: शारदीय नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही दिल्ली में दुर्गा पूजा भी शुरु हो गई है। हर साल की तरह इस साल भी खास थीम के साथ दुर्गा पूजा पंडालों को सजाया गया है। इनकी भव्य सजावट, होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आप बंगाली खाने का भी लुत्फ उठा सकते हैं। शहर में आपको अलग-अलग तरह के पंडाल देखने को मिलेंगे। कुछ पंडालों को पारंपरिक ढंग से सजाया गया है, तो वहीं कुछ पंडालों को आधुनिक ढंग से सजाया गया है। इन पंडालों की आभा देखने लायक होती है। भारी संख्या में भक्त यहां माता के दर्शन करने पहुंचते हैं। अगर आप भी इस नवरात्रि दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन के लिए जाने का प्लान कर रहे हैं, लेकिन नहीं पता कहां जाए, तो यह आर्टिकल खासतौर पर आपके लिए है। यहां हम आपको दिल्ली के टॉप 9 दुर्गा पूजा पंडाल के बारे में बताएंगे, जहां आप माता के दर्शन के साथ यहां होने वाला धुनुची नृत्य देख सकते हैं। धुनुची नृत्य या धुनुची नाच एक बंगाली पारंपरिक नृत्य है। यह नृत्य दुर्गा पूजा के दौरान भक्तों, मुख्य रूप से बंगाली हिंदुओं द्वारा किया जाता है।
दिल्ली में दुर्गा पूजा पंडाल (फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत)
1. सीआर पार्क (चितरंजन पार्क)
मिनी कोलकाता कहे जाने वाला सीआर पार्क के मेला ग्राउंड और को-ऑपरेटिव ग्राउंड में दुर्गा पूजा पंडाल देख सकते हैं। यहां कोलकाता थीम पर पंडाल को सजाया जाता है। कोलकाता में होने वाली दुर्गा पूजा का आप दिल्ली में रह कर आनंद ले सकते है। यहां दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचने के लिए निकटतम मेट्रो स्टेशन नेहरू प्लेस है।
दुर्गा पूजा पंडाल (फोटो - iStock)
2. बंगाली स्कूल दुर्गा पूजा, सिविल लाइन, अलीपुर रोड
सिविल लाइन में स्थित बंगाली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हर साल नई थीम के साथ दुर्गा पूजा पंडाल लगाया जाता है। यह शाम नाथ मार्ग, अलीपुर रोड पर इंद्रप्रस्थ कॉलेज और राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय सिविल लाइन के पास स्थित है। 1910 से सामुदायिक पूजा के रूप में इसकी शुरुआत की गई थी। करीब 100 साल से यहां दुर्गा पूजा पंडाल लगाया जा रहा है। यहां स्थापित की गई माता की मूर्ति को डाकेर साज पहनाया जाता है। सप्तमी, अष्टमी और नवमी की शाम यहां भक्तों का रेला लगा रहता है। भारी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यहां पहुंचने के लिए सबसे करीबी मेट्रो स्टेशन सिविल लाइन और विधान सभा मेट्रो स्टेशन है।
3. मिंटो रोड दुर्गा पूजा समिति, राजीव चौक
दिल्ली का दिल कहे जाने वाले राजीव चौक में भी दुर्गा पूजा पंडाल देखने जा सकते हैं। केंद्र में होने के कारण यहां पहुंचने में भी लोगों को परेशानी कम होती है। मुख्य तौर पर मिंटो रोड पर यह पंडाल अपने धुनुची नाच के लिए जाना जाता है। धुनुची नाच बंगालियों का पारंपरिक नृत्य है, जो दुर्गा पूजा का आकर्षण भी है।
दूर्गा पूजा पंडाल (फोटो - Twitter)
4. तिमारपुर-सिविल लाइन्स पूजा समिति
तिमारपुर-सिविल लाइन पूजा समिति द्वारा हर साल दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। यह सबसे पुरानी दुर्गा पूजाओं में से एक आयोजन करती है। पंडाल में स्थापित की जाने वाली माता की मूर्तियों को कलात्मक और खूबसूरत बनाया जाता है। यहां परंपराओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाता है। दुर्गा पूजा का आयोजन पारंपरिक ढंग से किया जाता है। यहां पहुंचने के लिए करीबी मेट्रो स्टेशन विश्वविद्यालय है।
5. मिलानी पूजा समिति, मयूर विहार
मयूर विहार में दुर्गा पूजा पंडाल में प्रदर्शित माता की मूर्तिया और क्रिएटिव थीम लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। हर साल एक नई थीम से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। बता दें कि यहां का पंडाल न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां का सबसे करीबी मेट्रो स्टेशन मयूर विहार 1 है।
6. आरामबाग दुर्गा पूजा, आर. के आश्रम मार्ग
आरामबाग दुर्गा पूजा पंचकुईयां रोड पहाड़गंज, सेंट्रल दिल्ली में आयोजित किया जाता है। ये शहर का एकलौता ऐसा पंडाल है जो कोलकाता में बड़े बजट पर होने वाली दुर्गा पूजा पंडाल से मेल खाता है, क्योंकि यहां भी अच्छे-खासे बजट के साथ दुर्गा पूजा पंडाल लगाया जाता है। बता दें कि वर्ष 2013 में यहां करीब 2 करोड़ की लागत के साथ पंडाल लगाया जाता है। यहां लगने वाले पंडाल की खूबसूरती आपको दंग कर देगी। आरामबाग अपनी भव्य, थीम-आधारित और रचनात्मक सजावट के लिए जाना जाता है।
दुर्गा पूजा पंडाल दिल्ली (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
7. मातृ मंदिर, सफदरजंग एन्क्लेव
दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव में मातृ मंदिर दुर्गा पूजा पंडाल है। यह दिल्ली के सबसे खूबसूरत पंडाल में से एक माना जाता है। नवरात्रि के नौ दिन यहां भक्तों की भीड़ देखने को मिलती है, लेकिन सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन भक्तों का रेला लगा रहता है। यह पंडाल कोलकाता की थीम पर आधारित होता है, इसलिए इसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
8. नई दिल्ली काली बाड़ी
नई दिल्ली काली बाड़ी माता काली को समर्पित दिल्ली का प्रसिद्ध मंदिर है। यहां हर साल भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। हर साल मंदिर समिति द्वारा क्रिएटिव तरीके से पंडाल को सजाया जाता। यहां का दुर्गा पूजा पंडाल अपनी सदियों पुरानी परंपरा, सांस्कृतिक अनुभव और बंगाल की पारंपरिक शैली के लिए जानी जाती है।
9. अंतरंगा दुर्गा पूजा, मयूर विहार
अंतरंगा दुर्गा पूजा मयूर विहार में आयोजित की जाता है। इसका आयोजन बंगाली लोगों द्वारा गठित एक गैर-सरकारी संगठन द्वारा किया जाता है। यहां पारंपरिक पूजा पद्धति का पालन किया जाता है। समिति का मानना है कि यह दुर्गा पूजा दान का प्रतीक है, इसलिए यहां विभिन्न दान कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
