राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए दिल्ली सरकार लगातार नई-नई परियोजनाओं पर काम कर रही है। इसमें टनल और फ्लाईओवर शामिल हैं। ऐसा ही एक और फ्लाईओवर बनकर लगभग तैयार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर इसे जनता को समर्पित की जा सकता है। यह फ्लाईओवर दिल्ली और गाजियाबाद के बीच ट्रैफिक के दबाव को कम करेगा। जी हां, नंद नगरी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। यह फ्लाईओवर मंडोली जेल परिसर से गगन सिनेमा तक यात्रियों को सीधा और सिग्नल-फ्री मार्ग उपलब्ध कराएगा।
17 सितंबर को जनता को समर्पित होगा नंद नगरी फ्लाईओवर (फोटो - AI)
17 सितंबर को होगा उद्घाटन
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, नंद नगरी फ्लाईओवर का उद्घाटन बुधवार 17 सितंबर को किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर यह फ्लाईओवर जनता को समर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर 'सेवा पखवाड़ा' के अंतर्गत दिल्ली सरकार कई अन्य विकास और जनकल्याण परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेगी।
फ्लाईओवर की खास बातें
नंद नगरी का यह फ्लाईओवर करीब 1.5 किलोमीटर लंबा है। इस फ्लाईओवर में छह लेन होंगी और इसके नीचे छह यू-टर्न बनाए गए हैं। इनमें से एक यू-टर्न नंद नगरी थाने के पास, दो बैक-टू-बैक यू-टर्न थाने से 500 मीटर आगे, दो यू-टर्न गगन सिनेमा बस स्टॉप के पास और एक अतिरिक्त यू-टर्न गगन सिनेमा चौराहे के बाद होगा।
यह फ्लाईओवर गाजियाबाद से वजीराबाद सिग्नेचर ब्रिज तक आने-जाने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण लिंक साबित होगा। इससे सीमापुरी और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।
सौंदर्यीकरण का भी ध्यान रखा जाएगा
यह परियोजना दिल्ली सरकार के 77 प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्स में शामिल है, जिनका उद्देश्य राजधानी में ट्रैफिक जाम को कम करना है। पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD) फ्लाईओवर के नीचे म्यूरल आर्ट का काम भी करेगा। इसके अलावा दो बड़े ट्रैफिक जंक्शन को और बेहतर बनाया जाएगा। यहां फुटपाथ, ड्रेनेज सिस्टम, रोड साइन बोर्ड और सुरक्षा उपकरणों की स्थापना भी की जाएगी।
पर्यावरणीय मंजूरी और उद्घाटन की तैयारियां
PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि कुछ पर्यावरणीय मंजूरियों में देरी हो रही थी, लेकिन अब इन्हें तेजी से निपटा लिया गया है। सरकार चाहती है कि यह फ्लाईओवर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जनता को समर्पित किया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
