नमो भारत ट्रेन का किराया : दिल्ली और मेरठ के बीच चलने वाली नमो भारत इन दोनों शहरों को जोड़ने वाली लाइफलाइन बनती जा रही है। NCRTC दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधाओं का भी खास ध्यान रखा जा रहा है। NCRTC ने अब और ज्यादा यात्रियों को लुभाने के लिए नमो भारत ट्रेन के प्रीमियम कोच का किराया कम कर दिया है। चलिए विस्तार से समझते हैं -
अगर आप दिल्ली में अशोक नगर से मेरठ साउथ तक का सफर करते हैं तो इसके लिए आपको प्रीमियम कोच में पहले 225 रुपये का किराया देना होता था। लेकिन NCRTC ने यह किराया कम करके 180 रुपये कर दिया है। इसी तरह से अन्य रूट और अन्य दूरी के स्टेशनों के बीच भी किराया कम हुआ है।
दरअसल NCRTC ने नमो भारत के स्टैंडर्ड और प्रीमियम टिकट के बीच किराए का अंतर 50 फीसद से कम करके 20 फीसद कर दिया है। यानी अब आप स्टैंडर्ड कोच के मुकाबले 20 फीसद अतिरिक्त किराया देकर प्रीमियम क्लास कोच में सफर कर सकते हैं। प्रीमियम क्लास का किराया अब स्टैंडर्ड टिकट का 1.2 गुना कर दिया गया है, जो आपकी यात्रा को किफायती बनाता है। यही नहीं, इस टिकट में आपको प्रीमियम लाउंज की सुविधाएं मिलेंगी।
किराए में किया गया यह मामूनी अंतर यात्रियों के लिए बेहतर आराम के साथ ही सुनिश्चित सीटिंग और विशेष सुविधाएं व शांतिपूर्ण यात्रा अनुभव सुनिश्चित करेगा। किराए में यह रियायत दैनिक और लंबी दूरी के यात्रियों दोनों के लिए फायदेमंद साबित होगी। इसे एक उदाहरण से ऐसे समझ सकते हैं कि स्टैंडर्ड टिकट के लिए अगर आप 50 रुपये चुकाते हैं तो प्रीमियम टिकट 60 रुपये में उपलब्ध होगी और 100 रुपये की स्टैंडर्ड टिकट के स्थान पर प्रीमियम टिकट 120 रुपये की मिल रही है।
बता दें कि वर्तमान में नमो भारत ट्रेनें 55 किमी लंबे मार्ग पर संचालित हो रही हैं। दिल्ली-मेरठ रूट पर कुल 11 स्टेशन हैं, जिनके नाम - न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ हैं।
इस कॉरिडोर के बाकी बचे हिस्से पर ट्रायल रन का काम जारी है। 82 किमी लंबे इस कॉरिडोर में से अभी 55 किमी ही चालू है। बाकी बचे हिस्से में दिल्ली में न्यू अशोक नगर से सराय काले खां और मेरठ मेट्रो सेक्शन शामिल है, जिसके इसी साल चालू होने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
