Delhi PCR Van Accident: राजधानी दिल्ली के थाना मंदिर मार्ग इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामकृष्ण आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली पुलिस की एक पीसीआर वैन ने एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस की गाड़ी
एक्सीलेरेटर दबने से हुआ हादसा
समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब पीसीआर वैन के ड्राइवर ने गलती से एक्सीलेरेटर दबा दिया। वैन सड़क किनारे बने रैंप पर चढ़ी और वहां मौजूद एक व्यक्ति इसकी चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
दो पुलिसकर्मी सस्पेंड
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक का शव नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मृतक की पहचान पता लगाने की कोशिश कर रही है। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपी ASI और कॉन्सटेबल को सस्पेंड कर दिया है। दोनों पर नशे में होने के इल्जाम हैं दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि दोनों पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच कराई जाएगी। PCR वैन के ड्राइवर कांस्टेबल खिमेश सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
एडिशनल डीसीपी का बयान
नई दिल्ली जिले के एडिशनल डीसीपी हुकमा राम ने इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "यहां एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई है। पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है। मृतक के परिजनों को हर संभव मदद और मुआवजा मुहैया कराया जाएगा। हम सीसीटीवी फुटेज की जांच करेंगे और आगे की जांच जारी है।" फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी पारदर्शिता से होगी और हादसे की असली वजह सामने लाई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
