Delhi BMW Accident : दिल्ली की एक अदालत ने धौला कुआं में हुई दुर्घटना में बीएमडब्ल्यू कार चालक आरोपी महिला की न्यायिक हिरासत बुधवार को 27 सितंबर तक बढ़ा दी। इस दर्दनाक हादसे में वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई थी और उनकी पत्नी घायल हो गई थीं। न्यायिक मजिस्ट्रेट अंकित गर्ग ने महिला की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी। अदालत ने आरोपी की ओर से दायर याचिका पर भी नोटिस जारी किया, जिसमें दुर्घटना की सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है। इस याचिका पर बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी। अदालत में महिला की जमानत याचिका पर भी बहस हुई और मामले की सुनवाई शनिवार के लिए निर्धारित कर दी गई।
गगनप्रीत कौर (38) को गैर इरादतन हत्या और अन्य अपराधों के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद 15 सितंबर को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव एवं हरि नगर के निवासी नवजोत सिंह (52) की दिल्ली छावनी मेट्रो स्टेशन के पास रिंग रोड पर रविवार दोपहर को हुई दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह बंगला साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद घर लौट रहे थे।
क्या बोली आरोपी
न्यूज एजेंसी भाषा के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कथित तौर पर बीएमडब्ल्यू कार से टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उसने अपने ससुर को फोन करके बताया था कि उसकी पत्नी घायलों को अस्पताल लेकर आई है। आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव नवजोत सिंह (52) को मोटरसाइकिल से जाते समय रविवार दोपहर एक बीएमडब्ल्यू कार ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
वह अपनी पत्नी संदीप कौर के साथ बंगला साहिब गुरुद्वारे से लौट रहे थे। इस हादसे में सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस को दिए अपने बयान में, संदीप कौर ने कहा कि उन्होंने महिला गगनप्रीत कौर और उसके पति परीक्षित से बार-बार विनती की थी कि वे उन्हें (नवजोत सिंह को) नजदीकी अस्पताल ले जाएं, क्योंकि उनके पति बेहोश थे और उन्हें तुरंत इलाज की जरूरत थी। हालांकि, वे उसे दुर्घटनास्थल से 19 किलोमीटर से भी अधिक दूर स्थित न्यूलाइफ अस्पताल ले गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस परीक्षित को पूछताछ के लिए लेकर आई, जिसमें उसने बताया कि उसे नहीं पता कि दुर्घटना कैसे हुई। सूत्रों ने बताया कि अपने बयान में उसने कहा है कि उसे नहीं पता कि दुर्घटना कैसे हुई। उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने उसे बताया था कि वह उन्हें वैन में न्यूलाइफ अस्पताल ले जा रही है, जबकि उसने (परीक्षित ने) अपने ससुर को फोन करके बताया था कि गंगनप्रीत उन्हें वहां ला रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
