दक्षिण दिल्ली के जौनापुर-मांडी रोड से जुड़े हजारों वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। यह व्यस्त सड़क जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपे जाने वाली है, जिसके बाद इसके चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी। फिलहाल सड़क की चौड़ाई मात्र 30 फीट है और रोजाना करीब 40,000 वाहन यहां से गुजरते हैं, जिससे खासकर सुबह और शाम के समय भारी जाम की स्थिति बन जाती है।
जौनापुर-मंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना (सांकेतिक फोटो)
स्थानीय सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने यह मामला केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठाया था, जिनकी ओर से चौड़ीकरण को हरी झंडी मिल गई है। दिल्ली सरकार में लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी इसकी पुष्टि की है। योजना के अनुसार, सड़क को 100 फीट चौड़ा किया जाएगा, जबकि पहले इसका प्रस्ताव 200 फीट तक चौड़ा करने का था।
यह सड़क केवल दिल्ली के निवासियों ही नहीं, बल्कि हरियाणा के आस-पास के जिलों से आने-जाने वाले लगभग 20,000 लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है। चौड़ीकरण के लिए करीब 32 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है, लेकिन क्षेत्र में घने पेड़ों की मौजूदगी के चलते प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।
जल्द ही NHAI और संबंधित विभागों की एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना से उन्हें आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और आपातकालीन परिस्थितियों में अस्पताल तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
