Delhi News: पिछले कुछ समय से दिल्ली पुलिस लगातार शहर में रह रहे अवैध विदेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष सतर्कता बरते हुए है। एक के बाद एक कई बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की ऑपरेशन सेल ने पालम गांव इलाके से पांच बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, इनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं जो 2017 से भारत में बिना कानूनी अनुमति के रह रहे थे।
दिल्ली के पालम गांव इलाके से पांच बांग्लादेशी पकड़े गए (सांकेतिक तस्वीर | Canva)
पकड़े गए आरोपियों के पास से बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि ये सभी पहले हरियाणा के रेवाड़ी जिले के ईंट-भट्टों पर मजदूरी करते थे, लेकिन काम से निकाले जाने के बाद वे दिल्ली आ गए थे और यहां रोजगार की तलाश कर रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश, चमेली खातून, मोहम्मद नाहिम, हलीमा बेगम और मोहम्मद उस्मान के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद FRRO दिल्ली की मदद से इन्हें बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।
मंगलवार को ही दिल्ली पुलिस ने दो अवैध बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया था। जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस के ऑपरेशन सेल ने दिल्ली कैंट क्षेत्र से दो बांग्लादेशी महिलाओं, डोली बेगम और मरियम अख्तर को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि दोनों 2023 में भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर 2024 से दिल्ली में रह रही थीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे घरेलू काम की तलाश में थीं। उनके मोबाइल से बांग्लादेशी पहचान पत्र भी बरामद हुए। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें डिपोर्टेशन सेंटर भेज दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
