Delhi Crime News: दक्षिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार अफ्रीकी नागरिकों को फर्जी वीजा और पासपोर्ट बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनके पास से लैपटॉप, कलर प्रिंटर, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, फर्जी पासपोर्ट-वीजा और नकदी बरामद की गई है।
कैसे खुला मामला
10 सितंबर को पुलिस ने छतरपुर इलाके से दो अफ्रीकी नागरिकों बेंजामिन इजुचुक्वू और कूलीबली मारियम को 355 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा था। जांच के दौरान इनके पास मिले वीजा फर्जी पाए गए। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके वीजा नकली हैं और इन्हें एक अन्य अफ्रीकी नागरिक न्वाचुक्वू बेंजामिन ने तैयार किया था। तकनीकी निगरानी और छापेमारी के बाद पुलिस ने बुराड़ी-संत नगर क्षेत्र से चार और अफ्रीकी नागरिकों न्वाचुक्वू बेंजामिन, इमैनुएल इफेनीयिचुक्वू, पॉल ओलिसामेका और प्रेशियस ओसासेरे को गिरफ्तार किया।
आरोपी कैसे करते थे काम
न्वाचुक्वू बेंजामिन 2017 में अवैध तरीके से भारत आया था। वह पासपोर्ट स्कैन करके कंप्यूटर पर नकली वीजा तैयार करता और फिर उन्हें असली पासपोर्ट में चिपका देता था। हर वीजा बनाने के लिए वह 2 से 3 हजार रुपये लेता था। इसके साथ ही, आरोपी ऑनलाइन ठगी भी करते थे। यूरोपीय लोगों के नाम से नकली सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर भारतीयों को झांसा देते थे और पैसों की ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपी
- न्वाचुक्वू बेंजामिन, उम्र 33 साल, नाइजीरियाई नागरिक
- इमैनुएल इफेनीयिचुक्वू, उम्र 34 साल, नाइजीरियाई नागरिक
- पॉल ओलिसामेका, उम्र 37 साल, नाइजीरियाई नागरिक
- प्रेशियस ओसासेरे, उम्र 38 साल, नाइजीरियाई नागरिक
- इन सभी का वीजा समाप्त हो चुका है और ये अवैध रूप से भारत में रह रहे थे।
बरामद सामान
- 1 लैपटॉप
- 1 कलर प्रिंटर
- 3 पेन ड्राइव
- 7 मोबाइल फोन
- 2 पासबुक
- 5 एटीएम कार्ड
- 6 फर्जी पासपोर्ट/वीजा
- 17,000 रुपये नकद
पिछले 15 दिनों में दक्षिणी जिला पुलिस ने नशे के कारोबार और अवैध विदेशी गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए कई गिरफ्तारियां की हैं। इस दौरान कुल 3 मामले दर्ज हुए, 8 आरोपी पकड़े गए और लगभग 74 किलो गांजा, 355 ग्राम कोकीन और एक ऑटो (टीएसआर) जब्त किया गया।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और लिंक की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
