Delhi AQI Update: दिल्ली में दीवाली के दिन वायु गुणवत्ता (Air Quality) पिछले चार साल में सबसे ज्यादा खराब रही। सोमवार की रात में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा और पीएम 2.5 का कंसनट्रेशन 675 पर पहुंच गया जो 2021 के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा स्तर है।
कैसा रहा दीवाली के दिन AQI
सोमवार शाम चार बजे दिल्ली का पिछले 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 345 रहा जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में यह 330, 2023 में 218 और 2022 में 312 रहा था। कई जलवायु विशेषज्ञों ने मंगलवार को दावा किया कि व्यस्त समय के आंकड़े गायब हैं, लेकिन पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दावा किया कि सभी आंकड़े सही सलामत हैं और विभाग की वेबसाइट और ऐप पूरी तरह से चालू हैं। प्रति घंटे जारी बुलेटिन के अनुसार, शहर का AQI सोमवार रात भर हाई (High) बना रहा। बुलेटिन के अनुसार, AQI रात 10 बजे 344, रात 11 बजे 347, आधी रात को 349 और रात एक बजे 348 दर्ज किया गया।
दो दिन बाद भी दिल्ली में दमघोंटू हवा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली बुधवार सुबह घने स्मॉग की चादर में लिपटी नजर आई। दीवाली के दो दिन बाद भी हवा की गुणवत्ता बिगड़ी मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 345 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ (Very Poor) श्रेणी में आता है।
देशभर में सबसे खराब हवा
देश के आठ महानगरों में दिल्ली का वायु प्रदूषण स्तर सबसे अधिक दर्ज किया गया। कई क्षेत्रों में AQI 450 तक पहुंच गया। तुलना में, बेंगलुरु में हवा सबसे साफ रही, जहां सुबह 8 बजे AQI 95 रहा। वहीं मुंबई में 214, पटना में 224, जयपुर में 231 और लखनऊ में 222 AQI दर्ज किया गया।
दिल्ली के सबसे प्रदूषित इलाके
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के बवाना (423), जहांगीरपुरी (407) और वजीरपुर (408) में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ (Severe) श्रेणी में दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में, आनंद विहार (358), अशोक विहार (389), बुराड़ी (399), चांदनी चौक (350), IGI एयरपोर्ट (302), ITO (342), लोधी रोड (322), मुंडका (366), नजफगढ़ (336), नरेला (358), पटपड़गंज (342) और पंजाबी बाग (376) में AQI बेहद खराब श्रेणी में रहा। दिल्ली में प्रदूषण की भयावह स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 38 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से केवल 3 स्टेशनों पर ही AQI ‘Poor’ श्रेणी (300 से नीचे) में रहा। इनमें DTU, लोधी रोड और IGI एयरपोर्ट शामिल हैं। बाकी सभी क्षेत्रों में AQI 300 से ऊपर दर्ज हुआ।
GRAP का स्टेज-2 लागू
बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 19 अक्टूबर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का स्टेज-2 लागू किया है, जो अब भी प्रभावी है। इसके तहत, सड़कों की दैनिक सफाई और पानी का छिड़काव जरूरी है। पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण उपायों के सख्त पालन के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक परिवहन (बस और मेट्रो) की फ्रिक्वेंसी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, डीजल जेनरेटर पर रोक और बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
