दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) की मॉनिटरिंग के लिए ड्रोन-आधारित तकनीक की शुरुआत कर दी है। इसे रेलवे और मेट्रो सिस्टम के रखरखाव की दुनिया में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब तक यह काम मैन्युअल तरीकों से होता था, जिसमें न सिर्फ़ अधिक समय लगता था बल्कि कर्मचारियों की भारी संख्या और कई बार सेवाएं रोकनी पड़ती थीं।
अब हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरों, थर्मल सेंसर और एआई-आधारित एनालिटिक्स से लैस ड्रोन तेज़ और सटीक निरीक्षण करेंगे। ये ड्रोन ओएचई की तस्वीरें और डेटा रियल टाइम में रिकॉर्ड करते हैं, जिससे ढीली फिटिंग, इन्सुलेशन की दिक्कतें या किसी भी हॉटस्पॉट का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सकेगा। इस डेटा-ड्रिवन अप्रोच से रखरखाव न केवल तेज़ होगा बल्कि सुरक्षित और सतत भी रहेगा।
इस मॉनिटरिंग सिस्टम का संचालन और रखरखाव, एनसीआरटीसी के ओ एंड एम पार्टनर डीबी आरआरटीएस ऑपरेशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कर रहा है, जो वैश्विक स्तर पर इस क्षेत्र का विशेषज्ञ माना जाता है। तकनीक का यह प्रयोग परिचालन दक्षता को बढ़ाने, डाउनटाइम घटाने और यात्रियों को निर्बाध सेवाएं देने की दिशा में अहम कदम है।
एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने बताया कि "ड्रोन-आधारित ओएचई मॉनिटरिंग प्रणाली से सुरक्षा और विश्वसनीयता और मज़बूत हुई है। इससे पूर्वानुमानित रखरखाव संभव होगा और यात्रियों को आरामदायक व भरोसेमंद सफ़र का अनुभव मिलेगा।"
वहीं, डीबी ई.सी.ओ. ग्रुप और डीबी इंटरनेशनल ऑपरेशंस के सीईओ निको वॉरबनॉफ ने कहा कि "ड्रोन का उपयोग हमारी साझा प्रतिबद्धता को दिखाता है—सुरक्षा, नवाचार और दूरदर्शिता की। हम एनसीआरटीसी के साथ मिलकर भारत की सबसे उन्नत ट्रेन प्रणाली को आकार दे रहे हैं।"
नमो भारत की स्पीड कितनी
नमो भारत प्रोजेक्ट पहले से ही कई तकनीकी नवाचारों का उदाहरण है। यहां दुनिया में पहली बार एलटीई बैकबोन पर ईटीसीएस हाइब्रिड लेवल-3 सिग्नलिंग तकनीक का उपयोग हो रहा है। 180 किमी प्रति घंटे की डिज़ाइन स्पीड और 160 किमी प्रति घंटे की ऑपरेशनल स्पीड के साथ यह भारत की सबसे तेज़ क्षेत्रीय रेल है।
ड्रोन-आधारित मॉनिटरिंग सिर्फ़ एक तकनीकी सुधार नहीं, बल्कि यह संकेत है कि भारत की यह पहली क्षेत्रीय रेल प्रणाली आने वाले समय में वैश्विक मानकों पर भी नई मिसाल कायम करेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
