Delhi Water Supply: बारिश की कमी और हरियाणा की तरफ से यमुना नदी में पानी की सप्लाई घटाए जाने का असर दिल्ली में अभी से दिखने लगा है। यमुना का जल स्तर घट गया है, इसकी वजह से दिल्ली के कई इलाकों में पेयजल सप्लाई प्रभावित हो रहा है। दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार हरियाणा द्वारा यमुना में कम पानी छोड़ने की वजह से वजीराबाद तलाब का जलस्तर 674.50 फीट से घटकर 671.80 फीट पर पहुंच गया है। तालाब में पानी के कमी का असर वजीराबाद वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पर पड़ रहा है। इसकी वजह से प्लांट की क्षमता में करीब 15 प्रतिशत तक की कमी आई है।
यमुना का जल स्तर घटने से दिल्ली में पेयजल संकट
जल बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, वजीराबाद के तीनों वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट रोजाना 136 एमजीडी पानी का शोधन करते हैं। यमुना के जल स्तर में कमी के कारण इस समय ये करीब 117 एमजीडी पानी का शोधन ही कर पा रहे हैं। दिल्ली में फरवरी माह के दौरा आमतौर पानी की डिमांड 850 एमजीडी तक रहती है, लेकिन इस बार गर्मी बढ़ने की वजह से पानी की डिमांड अभी से 900 एमजीडी तक पहुंच गया है। ऐसे में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता में कमी आने से कई इलाकों में अभी से पेयजल संकट नजर आने लगी है। दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार यह पेयजल संकट तब तक बना रहेगा, जब तक हरियाणा यमुना में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ता। अधिकारियों के अनुसार इस समस्या से निपटने के लिए हरियाणा सरकार से बातचीत चल रही है।
इन इलाकों में पेयजल सप्लाई पर असर
वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता घटने की वजह से रामलीला ग्राउंड, दिल्ली गेट, पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी, सुभाष पार्क, मॉडल टाउन, गुलाबी बाग, मूलचंद, साउथ एक्सटेंशन, विधानसभा, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, ग्रेटर कैलाश, मजनू का टीला, डिफेंस कॉलोनी, राजघाट, एलएनजेपी अस्पताल, आदर्श नगर, जीपीओ, निगमबोध घाट, डब्ल्यूएचओ, आईपी स्टेशन, तिमारपुर, गोपालपुर, शालीमार बाग, वजीरपुर, केवल पार्क, आजादपुर, मुखर्जी नगर, बुराड़ी, दिल्ली कैंट और साउथ दिल्ली के कुछ हिस्सों में पेयजल सप्लाई प्रभावित हो रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने सेंट्रल कंट्रोल रूम का नंबर 1916, 24527679, 23634469 जारी किया है। आपात स्थिति में लोग इन नंबरों पर संपर्क कर टैंकर मंगवा सकते हैं।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
