पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाकर जहां भाजपा ने महिला वर्ग को साधा है वहीं बनिया समाज को भी साधने में सफल रही। भारतीय जनता पार्टी ने सिर्फ मुख्यमंत्री के रूप में ही नहीं अन्य 6 मंत्रियों के चुनाव में भी दिल्ली के अलग-अलग समाज को प्रतिनिधित्व दिया है। इसको अगर बारीकी से देखें तो भाजपा ने बहुत ही सोच-समझकर हर जाति को साधा है। चलिए जानते हैं किस चेहरे के जरिए भाजपा ने किस वर्ग और जाति को साधा है -
प्रवेश वर्मा
प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और उस समय दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े चेहरे अरविंद केजरीवाल को मात दी थी। इसीलिए 47 साल के प्रवेश को दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के रूप में देखा जा रहा था। वह जाट समुदाय से आते हैं। उनके पिता साहिब सिंह वर्मा दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और प्रवेश वर्मा ने अपने पिता से ही राजनीति के गुर सीखे हैं।
आशीष सूद
आशीष सूद छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं। आशीष भाजपा में दिल्ली इकाई के प्रमुख नेताओं में से एक हैं और पार्टी में पंजाबी समुदाय का चेहरा हैं। उन्होंने दिल्ली की जनकपुरी सीट से AAP उम्मीदवार प्रवीण कुमार को बड़े अंतर से हराया था। वह जम्मू-कश्मीर भाजपा इकाई के सह-प्रभारी भी रह चुके हैं।
कपिल मिश्रा
आम आदमी के संस्थापक सदस्यों में रहे कपिल मिश्रा AAP से अलग होने के बाद लगातार पार्टी और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मुखर रहे हैं। वह भाजपा में हिंदुत्व का चेहरा हैं और ब्राह्मण समाज से आते हैं। करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनकर आए कपिल मिश्रा 2015 में AAP की जीत के बाद अरविंद केजरीवाल मंत्रीमंडल में जल संसाधन मंत्री रह चुके हैं। इस तरह से उन्हें दिल्ली विधानसभा में कैबिनेट मंत्री के रूप में काम करने का अनुभव है। इस तरह का अनुभव रखने वाले वह कैबिनेट में इकलौते मंत्री हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तो स्वयं ही पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर आयी हैं।
डॉ. पंकज कुमार सिंह
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में पूर्वांचली बड़ी संख्या में रहते हैं। दिल्ली की कैबिनेट में पूर्वांचलियों का प्रतिनिधत्व डॉ. पंकज कुमार सिंह कर रहे हैं। मूल रूप से बिहार में बक्सर के रहने वाले डॉ. पंकज कुमार सिंह पेशे से डेंटिस्ट हैं। वह विकासपुरी से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं और उन्होंने AAP के उम्मीदवार महेंद्र यादव को 12 हजार से अधिक मतों से हराया था। वह एमसीडी पार्षद रह चुके हैं।
मनजिंदर सिंह सिरसा
वह तीसरी बार दिल्ली विधानसभा पहुंचे हैं। पिछले दो बार वह अकाली दल में रहकर चुनाव जीते थे, जबकि इस बार भाजपा के टिकट पर राजौरी गार्डन से जीत दर्ज कर विधायक बने और अब मंत्री बनाए गए हैं। वह कैबिनेट में सिख समुदाय का चेहरा हैं। हरियाणा के सिरसा में जन्मे मनजिंदर सिंह दिल्ली के सबसे अमीर मंत्री हैं। साल 2013 से 2017 तक वह दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भी रहे हैं।
रविंद्र इंद्रराज सिंह
दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन करने वाले रविंद्र इंद्रराज बवाना से चुनाव जीतकर दिल्ली विधानसभा में पहुंचे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के जय भगवान उपकार को बड़े अंतर से हराया था। रविंद्र इंद्रराज सिंह दिल्ली कैबिनेट में पंजाबी दलित समुदाय का चेहरा हैं। उनके पास पार्टी संगठन में विभिन्न पदों पर काम करने का अनुभव है। वह भाजपा में अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं। उनके पिता इंद्रराज भी नरेला विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
