रेखा गुप्ता के रूप में दिल्ली को उसकी चौथी महिला मुख्यमंत्री मिल गई हैं। वह कुल मिलाकर दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री हैं। दिल्ली में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना थे, जो 2 साल 86 दिन तक मुख्यमंत्री के पद पर रहे। उनके बाद साहिब सिंह वर्मा दिल्ली के मुख्यमंत्री बने और वह भी 2 साल 228 दिन तक मुख्यमंत्री रहे। 1998 के दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले साहिब सिंह वर्मा को हटाकर सुषमा स्वराज को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया गया, वह 52 दिन तक मुख्यमंत्री रहीं। भाजपा ने पांच साल के कार्यकाल में 3 मुख्यमंत्री दिए। इसके बाद पार्टी को लगातार हार का सामना करना पड़ा, जो सिलसिला 2025 विधानसभा चुनाव में टूटा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी और भाजपा की तरफ से राज्य की दूसरी महिला CM हैं। एक मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें कितनी तनख्वाह और सुविधाएं मिलेंगी? चलिए जानते हैं।
मुख्यमंत्री होने के नाते CM रेखा गुप्ता को वो सभी सुविधाएं मिलेंगी जो दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए पहले से निर्धारित हैं। इसमें मुख्यमंत्री की सैलरी यानी तनख्वाह, रहने के लिए एक बंगला, गाड़ी, सुरक्षा, मुफ्त इलाज, फ्री बिजली सहित कई सुविधाएं हैं। सभी के बारे में एक-एक कर जानते हैं।
CM रेखा गुप्ता को कितनी सैलरी मिलेगी?
मार्च 2023 के आदेश के अनुसार दिल्ली के मुख्यमंत्री को हर महीने 1 लाख 70 हजार रुपये सैलरी के रूप में मिलते हैं। दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी यही तनख्वाह मिलेगी। अगर इस सैलरी को बारीकी से समझने के लिए इस टेबल में समझें -
| बेसिक सैलरी | 60 हजार रुपये |
| विधानसभा अलाउंस | 30 हजार रुपये |
| सचिवीय सहायता | 25 हजार रुपये |
| टेलिफोन अलाउंस | 10 हजार रुपये |
| ट्रैवल अलाउंस | 10 हजार रुपये |
| दैनिक भत्ता | 1500 रुपये |
मुख्यमंत्री का बंगला
मुख्यमंत्री होने के नाते CM रेखा गुप्ता को रहने के लिए एक सरकारी आवास मिलेगा। सीएम का आवास न सिर्फ आलीशान होगा, बल्कि इसमें तमाम तरह की सुविधाएं भी मौजूद रहेंगी।
सीएम की कार
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को कहीं भी सफर करने के लिए एक सरकारी कार मिलेगी। यही नहीं उन्हें इस सरकारी गाड़ी के लिए हर महीने 700 लीटर मुफ्त पेट्रोल भी मिलेगा। यानी आज के पेट्रोल के दाम 94.81 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से उन्हें हर महीने 66 हजार, 367 रुपये का कुल 700 लीटर पेट्रोल मुफ्त मिलेगा।
अगर वह सरकारी वाहन का इस्तेमाल नहीं करती हैं और अपने वाहन से ही चलती हैं तो इसके बदले उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये का भत्ता अलग से मिलेगा।
इतनी बिजली मुफ्त
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को हर महीने 5000 यूनिट बिजली मुफ्त मिलती है, जो उन्हें भी मिलेगी। यानी दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें हर महीने 36 हजार 800 रुपये की बिजली मुफ्त मिलेगी।
मुफ्त इलाज की सुविधा
दिल्ली की मुख्यमंत्री होने के नाते CM रेखा गुप्ता को सरकारी अस्पताल या रेफरल अस्पताल में मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। यही नहीं मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य जांच के लिए डॉक्टरों का एक पूरा पैनल होता है, जो समय-समय पर उनका हेल्थ चेकअप करता रहता है।
सुरक्षा
दिल्ली की मुख्यमंत्री होने के नाते CM रेखा गुप्ता को Z श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। संवैधानिक पद होने के नाते मुख्यमंत्री को इस स्तर की सुविधा दी जाती है। इसके तहत दिल्ली के मुख्यमंत्री को दिल्ली पुलिस, या ITBP या CRPF के सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा के साथ ही एस्कॉर्ड कार भी मिलती है।
यह सभी सुविधाएं और भत्ते दिल्ली के मुख्यमंत्री को मिलते हैं। जो पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और अरविंद केजरीवाल को भी मिलते थे। समय-समय पर सैलरी और भत्तों को रिव्यू किया जाता है और उसमें उसी तरह से बढ़ोतरी होती है, जैसे किसी अन्य जॉब में। पूर्व के सभी मुख्यमंत्रियों को भी ऐसी ही सुविधाएं और समय के अनुसार सैलरी-भत्ते मिलते थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
