दिल्ली

Delhi Assembly Election: चुनाव कोई भी जीते, दिल्ली की महिलाओं को कम से कम 2100 रुपये हर महीने मिलेंगे!

Delhi Assembly Election: दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। अगर राजनीतिक पार्टियों की घोषणाओं पर गौर करें तो 8 फरवरी को भले ही चुनाव कोई भी जीते, दिल्ली की महिलाओं की चांदी पक्की है। क्योंकि उन्हें कम से कम 2100 रुपये मिलने तय हैं -

Image

दिल्ली की महिलाओं के लिए पार्टियों के चुनावी वादे

Photo : Times Now Digital

दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2025 के तहत नामांकन का आज यानी शुक्रवार 17 जनवरी को अंतिम दिन है। आज ही भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की जनता के लिए अपना संकल्प पत्र भी जारी किया। संकल्प पत्र में भाजपा ने सिलसिलेवार ढंग से बताया है कि अगर वह सत्ता में आती है तो दिल्ली की जनता को क्या कुछ मिलेगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके भाजपा की तमाम योजनाओं और संकल्पों के बारे में बताया। जिस बात को लेकर सबसे ज्यादा उम्मीद थी, उस पर भी जेपी नड्डा ने प्रकाश डाला। भाजपा के संकल्प पत्र के साथ यह तो साफ हो गया है कि चुनाव के बाद दिल्ली की महिलाओं को कम से कम 2100 रुपये तो मिलेंगे ही।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में मुख्य मुकाबला दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच है। इस विधानसभा चुनाव को जीतने के बात चाहे जो पार्टी सत्ता में आए और चाहे जो मुख्यमंत्री बने। इसका सबसे अच्छा फल तो दिल्ली की महिलाओं को ही मिलेगा।

भाजपा की घोषणा

भाजपा ने आज अपना संकल्प पत्र जारी किया। भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं को चुनाव जीतने पर हर महीने 2500 रुपये महिला सम्मान निधि के रूप में देने का वादा किया है। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भाजपा पर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सवाल खड़े कर रही है। लेकिन दिल्ली की महिलाओं को इस बारे में बिल्कुल भी सोचने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भाजपा के जीतने पर उन्हें 2500 रुपये महीने मिलने लगेंगे।

कांग्रेस की गारंटी

लंबे समय तक दिल्ली की सत्ता में रही कांग्रेस पार्टी ने भी दिल्ली की महिलाओं के लिए योजना की घोषणा की है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये महीने देने की घोषणा की है। यानी अगर कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में लौटती है तो दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये मिलेंगे।

AAP का वादा

दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने सबसे पहले दिल्ली की महिलाओं के लिए महिला सम्मान योजना की घोषणा की थी। AAP ने चुनाव की तारीखें घोषित होने से पहले ही अपने सभी 70 उम्मीदवारों के साथ ही दिल्ली महिला सम्मान योजना की भी घोषणा कर दी थी। AAP ने एक बार फिर चुनाव जीतने पर दिल्ली की महिलाओं को 2100 रुपये हर महीने देने का वादा किया।

दिल्ली की महिलाओं का बल्ले-बल्ले

इस तरह से देखा जाए तो चुनाव भले ही कोई भी पार्टी जीते, दिल्ली की महिलाओं के चांदी तय है। भले ही चुनाव AAP जीते या भाजपा या भी कांग्रेस। दिल्ली की महिलाओं को कम से कम 2100 रुपये मिलने तय हैं। अगर आम आदमी पार्टी चुनाव जीतेगी तो दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये मिलेंगे। अगर भाजपा या कांग्रेस में से कोई भी पार्टी चुनाव जीत जाती है तो दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये मिलेंगे। यह AAP से 400 रुपये ज्यादा हैं।

इसके अलावा भाजपा ने घोषणा की है कि दिल्ली में जो योजनाएं चल रही हैं, उन्हें रोका नहीं जाएगा। यानी दिल्ली की महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ भी मिलता रहेगा। AAP के चुनाव जीतने पर तो मुफ्त बस सेवा का लाभ मिलेगा ही, भाजपा के जीतने पर भी महिलाएं बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ लेती रहेंगी। यही नहीं भाजपा ने गरीब बहनों को सिलिंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी देने का वादा भी किया है और होली एवं दीवाली पर एक-एक सिलिंडर मुफ्त देने का वादा भी भाजपा की तरफ से है।

बेरोजगारी भत्ता

अगर दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिलती है तो महिलाओं को 2500 रुपये तो मिलेंगी ही। साथ ही पार्टी ने बेरोजगारों को 8500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने की बात भी कही है। यानी बेरोजगार महिलाओं को कांग्रेस की सरकार बनने पर 8500 रुपये मिलेंगे। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिलाएं महिला सम्मान योजना और बेरोजगारी भत्ता दोनों योजनाओं का लाभ एक साथ ले पाएंगी या नहीं। अगर दोनों योजनाओं का लाभ एक साथ मिला तो कांग्रेस सरकार बनने पर दिल्ली की बेरोजगार महिलाओं को हर महीने 11000 रुपये मिलेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article