दिल्ली

Delhi Monsoon Update: राहत बनकर आई बारिश, दिल्ली-NCR का मौसम हुआ सुहावना; सूरज के तेवर ठंडे करेगा मानसून

Delhi Monsoon Update: हल्की बारिश के बाद सुहावनी सुबह ने दी दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से कुछ राहत दी है। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ धूल भरी आंधी चलने का अनुमान जताया है।

Image

दिल्ली-एनसीआर में बारिश

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi Monsoon Update: उत्तर भारत में गर्मी के कहर के बीच अब राहत की उम्मीद नजर आ रही है। आने वाले सप्ताह में बारिश की बौछारें गर्मी पर चोट करने आ रही हैं।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लंबे समय से भीषण गर्मी से बेहाल दिल्लीवासियों के लिए बृहस्पतिवार की सुबह सुहावनी रही और कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज दिल्ली में दिन के दौरान बादल छाए रहने, हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। साथ ही बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ धूल भरी आंधी चलने का भी अनुमान है।

धूल भरी आंधी की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर से पहले दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) और आसपास के भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उसने राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार और शनिवार को भी बादल छाए रहने, बारिश होने और धूल भरी आंधी आने की संभावना जताई है।दिल्ली में बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 67 प्रतिशत दर्ज किया गया। साथ ही न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

लू से 50 लोगों की मौत

राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर भारत के कई हिस्से लंबे समय से भीषण गर्मी की चपेट में हैं, जिससे तापघात से होने वाली मौतों के आंकड़ों भी वृद्धि हुई। इसके बाद केंद्र ने अस्पतालों को ऐसे मरीजों के लिए विशेष इकाइयां स्थापित करने का परामर्श जारी किया। पुलिस ने बुधवार को बताया कि पिछले तीन दिनों में दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से वंचित सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से जुड़े 50 लोगों के शव मिले।

वायु गुणवत्ता रही कुछ ऐसी

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, राजधानी में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 214 दर्ज किया गया, जो कि 'खराब' श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 के बीच ‘‘संतोषजनक’’, 101 से 200 के बीच ‘‘मध्यम’’, 201 से 300 के बीच ‘‘खराब’’, 301 से 400 के बीच ‘‘बहुत खराब’’ और 401 से 500 के बीच ‘‘गंभीर’’ माना जाता है।

(इनपुट-भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article