18 Nov Delhi Weather and AQI Update (दिल्ली का AQI): दिल्ली-NCR में इन दिनों मौसम करवट ले रहा है। सुबह के समय बादल छाए रहते हैं, दोपहर में धूप निकल आती है और ठंडी हवाएं लगातार बह रही हैं। इससे दिन और रात दोनों समय ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। फिलहाल 18 नवंबर से 23 नवंबर के बीच मौसम में कुछ हल्का बदलाव देखने को मिल रहा है। रात का तापमान, जो बीते दिनों 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, अब बढ़कर 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक जाने के आसार हैं।
दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण की दोहरी मार (फाइल फोटो | PTI)
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन में तापमान में मामूली बढ़ोतरी जरूर होगी, लेकिन सुबह और देर शाम ठंडक बनी रहेगी। इसी दौरान हल्का कोहरा भी बढ़ सकता है, जिससे दृश्यता में थोड़ी कमी आएगी। इसके बाद तापमान एक बार फिर गिर सकता है और ठंडक का असर बढ़ेगा। हालांकि, शीतलहर की सटीक भविष्यवाणी को लेकर अभी भारतीय मौसम विभाग और स्काईमेट ने कोई अंतिम अनुमान जारी नहीं किया है।
कब शुरू होगी शीतलहर
IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR में शीतलहर की शुरुआत दिसंबर के शुरुआती दिनों में होने की संभावना है। वर्तमान में 12 से 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं लोगों को ठिठुरन का एहसास करा रही हैं। 18 नवंबर से 23 नवंबर के बीच मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन रातें लगातार ठंडी होती जाएंगी।
दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई
दिल्ली की हवा लगातार पांचवें दिन ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। मंगलवार सुबह 6 बजे शहर का AQI 341 रहा। मामूली सुधार के बावजूद दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता सांस लेने लायक नहीं है। सोमवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से चार डिग्री कम है और नवंबर 2022 के बाद सबसे कम तापमान है। अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कई इलाकों में AQI ‘गंभीर’ स्तर पर
वजीरपुर, बवाना और जहांगीरपुरी में मंगलवार सुबह AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जो इन्हें ‘गंभीर’ श्रेणी में रखता है। वजीरपुर में AQI 409, बवाना में 419 और जहांगीरपुरी में 414 रिकॉर्ड हुआ। बता दें कि दिल्ली में 11 नवंबर से GRAP का स्टेज-3 लागू है, जब AQI 428 तक पहुंच गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
