10 नवंबर को हुआ था लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाका (फोटो: PTI)
Delhi News: दिल्ली में 10 नवंबर को लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार धमाके की जांच में एनआईए को एक और अहम सुराग मिला है। एजेंसी ने जिस आमिर राशिद मीर को हाल ही में गिरफ्तार किया है, उसे अदालत में पेश करने के दौरान रिमांड नोट में कई गंभीर बातें कही हैं। कोर्ट ने एनआईए की मांग पर आमिर को 10 दिन की एजेंसी हिरासत में भेज दिया है। एनआईए के रिमांड नोट के मुताबिक, 24 वर्षीय आमिर राशिद मीर पुलवामा के संबोर इलाके का रहने वाला है और उसे उस प्रमुख आरोपी उमर उन नबी का सहयोगी बताया गया है, जिसके आत्मघाती हमले में शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है।
एजेंसी का कहना है कि धमाके के लिए इस्तेमाल की गई कार की व्यवस्था कराने में आमिर की भूमिका सामने आई है। रिमांड नोट में कहा गया कि धमाके का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में दहशत फैलाना, भारत की एकता और संप्रभुता पर चोट करना और राजधानी दिल्ली को दहला देना था। चार्जशीट में दर्ज सेफ हाउस का का जिक्र करते हुए एनआईए ने कहा है कि उसी ठिकाने पर I-20 कार और विस्फोटक सामग्री को छिपाया गया था। कार ब्लास्ट की तैयारी और लॉजिस्टिक सपोर्ट में आमिर की भूमिका की जांच की जा रही है।
एनआईए ने कोर्ट के सामने कहा है कि आमिर को कश्मीर ले जाना जरूरी है, ताकि इस पूरे आतंकी नेटवर्क और साजिश की गुत्थी को खोला जा सके। एजेंसी का दावा है कि कई कड़ियां अब भी जुड़नी बाकी हैं और आमिर से पूछताछ में उन्हें महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। एजेंसी इससे पहले भी इस मामले में 70 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है और कई रिकॉर्ड, डिजिटल उपकरण तथा सबूत जुटाए हैं। एनआईए का मानना है कि उमर नबी और फरीदाबाद के जिस आतंकी मॉड्यूल का कनेक्शन सामने आया, उसी कड़ी में आमिर की भूमिका अहम हो सकती है।
10 नवंबर को लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास कार में हुए शक्तिशाली धमाके में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। यह धमाका उस समय हुआ जब कुछ ही घंटे पहले फरीदाबाद से डॉक्टर मुजम्मिल, शाहीन समेत सात लोगों के आतंकी मॉड्यूल से जुड़े होने का खुलासा हुआ था। ब्लास्ट के बाद केंद्र सरकार ने इसे आतंकी हमला करार देते हुए जांच एनआईए को सौंपी थी। एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क को उजागर करने में जुटी है और आमिर की हिरासत को इसी दिशा में बड़ी कड़ी माना जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।