बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बवाल अब भी थमा नहीं है। इस बीच अब दिल्ली में भी SIR जल्द ही शुरू हो सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEC) के कार्यालय ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। दिल्ली में होने वाली इस मतदाता सूची को और भी अधिक सटीक, पारदर्शी और अपडेटेड बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में किसी को भी मतदान से वंचित न रहना पड़े।
बिहार के बाद अब दिल्ली में होगा मतदाता सूची का SIR
जनता की सुविधा के लिए साल 2002 में किए गए SIR की मतदाता सूची को मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों से मिलान कर सीईओ दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। इससे लोग अपने पुराने और वर्तमान विवरण को आसानी से देख और सत्यापित कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दफ्तर के अनुसार, सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर के अधिकारियों (BLO) की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी और सहायक अधिकारियों को भी ट्रेन्ड किया गया है। अब जैसे ही SIR की तारीख की घोषणा होगी, मतदाता सूची का कार्य औपचारिक रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
निर्वाचन आयोग का कहना है कि इस प्रक्रिया में आधे से ज्यादा मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने की जरूरत नहीं होगी। जिनके नाम वर्ष 2002 के विशेष गहन पुनरीक्षण और मौजूदा मतदाता सूची दोनों में शामिल हैं, उन्हें सिर्फ गणना प्रपत्र और वर्ष 2002 की सूची का अंश देना होगा।
सीईओ कार्यालय ने अपील की है कि लोग चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध 2002 की मतदाता सूची में अपना नाम और अपने माता-पिता का नाम जरूर जांच लें। यह कदम बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन के समय मदद करेगा और मतदाता सूची को और विश्वसनीय बनाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
