Sarita Vihar Flyover Closed : यदि आप भी दिल्ली-नोएडा-फरीदाबाद जाने के लिए मथुरा रोड से गुजरते हैं तो अलर्ट हो जाइए। अब से आपको करीब महीने यानी 50 दिनों तक समस्याओं का सामना करना होगा। दरअसल, बुधवार से लोक निर्माण विभाग (PWD) मथुरा रोड पर पड़ने वाले सरिता विहार फ्लाईओवर की रिपेयरिंग शुरू करने जा रहा है। इन 50 दिनों में फ्लाईओवर के एक्सपेंशन जॉइंट्स को बदलकर नया किया जाएगा। बता दें कि, दोनों लेन में ये काम बारी-बारी से पूरा किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, एक कैरिज-वे की रिपेयरिंग में कम से कम 25 दिन लगने का अनुमान है। गौरतलब है कि, मथुरा रोड का सरिता विहार फ्लाईओवर अतिव्यस्ततम मार्गों में से एक है। इसीलिए ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को एडवायजरी की और लोगों को अलर्ट किया।
सरिता विहार फ्लाईओवर बंद। (प्रतीकात्मक फोटो)
चार भाग में होगी मरम्मत
दिल्ली यातायात पुलिस के मुताबिक, सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत कुल चार चरणों में पूरी होगी। पहले और दूसरे चरण में आश्रम से बदरपुर एवं तीसरे और चोथे चरण में बदरपुर से आश्रम की ओर जाने वाले कैरिज वे पर काम किया जाएगा। इस दौरान वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक रहेगी, जिससे लोगों को असुविधा होगी। इसीलिए यात्रियों से अपील की जा रही है कि, मेट्रो का उपयोग करें या फिर दूसरे रूट से निकलें। इसके अलावा लोगों से एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, अस्पताल जाने के लिए कुछ एक्स्ट्रा समय लेकर जाने की भी अपील की जा रही है।
इन क्षेत्रों पर मिलेगा रूट डायवर्जन
यदि आपको नोएडा, कालिंदी कुंज सरिता विहार, बदरपुर या फरीदाबाद जाना है तो मथुरा रोड पर रूट डायवर्ट रहेगा। कहा जा रहा है अपोला हॉस्पिटल होने कारण ये मार्ग काफी व्यस्त रहता है। हालांकि, यहां पर यातायात पुलिस और अन्य कई अधिकारी भी मौजूद रहेंगे ताकि मरीज और एंबुलेंस को यहां से निकलने में कोई दिक्कत न हो।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
