Delhi Doctor Strike: कोलकाता में महिला डॉक्टर की हत्या के विरोध में दिल्ली के सफदरजंग और आरएमएल समेत कई अस्पतालों के डॉक्टर हड़ताल पर बैठे हैं। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर्स असोसिएशन (RDA) से सोमवार से हड़ताल करने की घोषणा की है। जिसकी वजह से सभी अस्पतालों में ओपीडी, नियमित सर्जरी और अन्य रूटीन सेवाएं प्रभावित रहने वाली है। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। रेजिडेंट डॉक्टरों का कहना है कि कोलकाता में जान गंवाने वाली डॉक्टर को न्याय दिलाने तक देशभर में मेडिकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
सोमवार से सेवाएं रहेंगी बाधित
दिल्ली में केंद्र सरकार के चार अस्पतालों में रोजाना 40 हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। वहीं दिल्ली सरकार के 38 अस्पतालों में 42 हजार से ज्यादा मरीज आते हैं। इन सभी अस्पतालों में करीब हजार से ज्यादा डॉक्टर आज हड़ताल पर है। सफदरजंग, डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल, दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल, गुरु तेग बहादुर अस्पताल, यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल, मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (इबहास), मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज व संबंधित अस्पताल समेत कई अन्य अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टर अपनी सेवाएं नहीं देंगे। जिससे सोमवार से ओपीडी सेवाएं, इलेक्टिव सर्जरी, वॉर्ड और लैब में काम बंद रहेगा। हालांकि आरडीए ने इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने की बात कही है।
डॉक्टरों को मिले सुरक्षित माहौल
फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रेजिडेंट डॉ अविरल माथुर के अनुसार फोर्डा ने इस घटना के विरोध में देशव्यापी हड़ताल करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हम चाते हैं कि कोलकाता के अस्पताल में हुई घटना के आरोपियों के खिलाफ सख्त कारर्वाई हो। पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिले। डॉ अविरल ने कहा कि कोलकाता की घटना से महिला डॉक्टरों में डर का माहौल है। अस्पताल प्रशासन डॉक्टरों को सुरक्षित माहौल प्रदान करे। इस मामले को लेकर उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को भी पत्र लिखा है।
शनिवार को निकाला गया कैंडल मार्च
कोलकाता की घटना को लेकर भारत के सभी डॉक्टर एकजुट हो गए हैं। शनिवार को एम्स और आरएमएल सहित अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों ने कैंडल मार्च निकाला था। इस मामले में डॉक्टरों ने अधिकारियों से अपराधियों के खिलाफ तुरंत और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सीथ ह डॉक्टरों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने को भी कहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
