Delhi Crime: राजधानी के उत्तर पूर्वी जिले की पुलिस ने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया है। वैवाहिक साइट पर शादी का झांसा देकर युवतियों को ठगने वाले ठग का शातिरपना साइबर सेल थाने में तैनात एक महिला सब इंस्पेक्टर के सामने फेल हो गया। महिला पुलिस अधिकारी ने इस शातिर ठग को उसके ही अंदाज में वैवाहिक साइट पर दुल्हन बनकर फंसाया और फिर टीम के साथ राजस्थान पहुंचकर उसे दबोचा लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिपिन कुमार झा के रूप में हुई है। यह आरोपित खुद को सेना का जवान बताकर वैवाहिक साइट के जरिये युवतियों को शादी का झांसा देकर फंसाता और फिर उनके साथ ठगी करता था।
शादी के नाम पर झांसा
दिल्ली पुलिस ने इस ठग के पास से सेना की वर्दी, एटीएम कार्ड और एक मोबाइल बरामद किया है। जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सैन ने बताया कि इस आरोपी के खिलाफ दिल्ली की एक युवती ने साइबर सेल में ठगी की शिकायत दी थी। एक निजी कंपनी में प्रबंधक के पद पर कार्यरत पीड़िता ने बताया था कि उसने एक वैवाहिक साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई हुई थी। उसी साइट के जरिये बिपिन कुमार झा नाम के व्यक्ति ने शादी के लिए उससे संपर्क किया था। कुछ ही दिन में दोनों अच्छे दोस्त बन गए। जिसके बाद आरोपित ने अपने पिता की बीमारी का बहाना बनाकर पीड़िता से दो लाख रुपये ठग लिए। कुछ दिन बाद पीड़िता ने जब रकम वापस मांगी तो आरोपित धमकी देने लगा। मामले की जांच के लिए एसआई अनूप लता के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी।
महिला एसआई ने आरोपी को ऐसे फंसाया
एसआई अनूप लता ने आरोपी को अपने जाल में फंसाने के लिए उसी वैवाहिक साइड पर अपनी एक फर्जी आईडी बनाई और इसके द्वारा बिपिन से संपर्क कर एसआई ने शादी करने की इच्छा जाहिर की। जिसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि पीड़िता ने जिस खाते में रकम भेजी है, वह राजस्थान के फजल खान नाम के व्यक्ति का है। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया तो उसने बताया कि बिपिन को अपना बैंक खाता किराये पर दे रखा है। इसके बाद एसआई ने आरोपित से बातचीत कर उसे अपने झांसे में ले लिया। जिससे उसकी मोबाइल लोकेशन का पता चल गया। आरोपी का पता चलते ही पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपित बिपिन के पिता रुद्रकांत झा सेना में थे, उन्हीं के आइकार्ड व वर्दी का इस्तेमाल कर वह ठगी करता था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
