Delhi News: दिल्ली में बस स्टॉप (बस क्यू शेल्टर) के स्वरूप को बदलने की तैयारी की जा रही है। इस दिशा में सोमवार को परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक हुई। जिसमें नए बस स्टॉप की डिजाइन और सुविधाओं पर चर्चा की गई। सरकार का उद्देश्य है कि नए बस स्टॉप यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक हों। साथ ही फुटपाथ पर चलने वाले लोगों को भी कोई परेशानी न हो।
सांकेतिक फोटो
बस स्टॉप पर लगेंगे LED डिस्प्ले बोर्ड
नई बस का डिजाइन तैयार करने के लिए दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, नवी मुंबई के अलावा सिंगापुर, लंदन और चीन के बस क्यू शेल्टर का अध्ययन किया जा रहा है। प्रस्तावित नए बस स्टॉप में एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनसे यात्रियों को बसों के रूट और नंबर की रियल टाइम जानकारी मिलेगी। वर्तमान में दिल्ली में कुल 4,627 बस क्यू शेल्टर हैं, जिनमें से 2,021 जगहों पर ही बस स्टॉप एक्टिव हैं।
दिल्ली में लगेंगे कुल 2,800 नए हाईटेक बस क्यू शेल्टर
सरकार अब 1,397 नए बस क्यू शेल्टर बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा अगले चरण में 1,459 अन्य जगहों पर भी नए बस क्लू शेल्टर बनाए जाएंगे। इस तरह कुल 2,800 से अधिक नए आधुनिक बस क्यू शेल्टर दिल्ली में तैयार किए जाएंगे। यह कदम राजधानी के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
