Delhi News: राजधानी के शाहदरा इलाके में समलैंगिक डेटिंग एप के जरिए दोस्ती कर एक युवक का अश्लील वीडियो बनाने और इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लूट व ब्लैकमेलिंग का बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद शाहदरा थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की पहचान अशोक नगर के रहने वाले विकास कुमार, शिवम कुमार, अंशु कुमार और आशुतोष के तौर पर हुई है। आरोपियों के पास से पुलिस ने पीड़ित से लूटे गए 5 हजार रुपये, स्कूटी और मोबाइल बरामद की है।
डेटिंग एप पर दोस्ती कर लूटपाट करने वाले चार गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पुलिस उपायुक्त आर. सत्य सुंदरम ने बताया कि, शाहदरा थाना में एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने शिकायत दी थी कि, वह एक समलैंगिक डेटिंग एप के माध्यम से एक युवक से मिला था। दोनों के बीच दोस्ती होने के बाद बातचीत होने लगी। दोनों बीते 8 नवंबर को दुर्गापुरी चौक के पास मिले। जिसके बाद वह उसे एक कमरे में ले गया, जहां पर पहले से तीन अन्य युवक मौजूद थे। सभी ने मिलकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। जिसके बाद आरोपियों ने छात्र को धमकी दी कि, वह उन्हें पैसे दे नहीं तो उसका यह वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल कर देंगे।
पैसे देने से मना किया तो मारपीट कर लूट लिए पैसे
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि, उसने आरोपियों को पैसे देने से मना किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके मोबाइल में मौजूद पेटीएम से 12,700 रुपये अपने खाते में भेज दिए। इसके बाद उसका मोबाइल और स्कूटी लेकर सभी आरोपी फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के मोबाइल नंबर की सीडीआर से आरोपियों का पता लगाकर उन्हें उत्तर-पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर से आरोपी शिमव को गिरफ्तार कर लिया। इस आरोपी से पूछताछ कर पीड़ित की स्कूटी और मोबाइल भी बरामद की गई। साथ ही बाकि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला है कि, ये आरापी डेटिंग एप के माध्यम से लोगों के साथ पहले दोस्ती करते और फिर उन्हें मिलने के लिए बुलाकर उनके साथ लूटपाट और ब्लैकमेलिंग करते। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
