Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega Delhi NCR Main: दिल्ली-एनसीआर में मौसम तेजी के साथ करवट ले रहा है। धूप-छांव के बीच दिन में सूरज अपने तेवर दिखा रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 29 और 30 मार्च को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की आशंका व्यक्त की है। इस बारिश का असर गर्मी पर भी दिखाई देगा। अनुमान है यदि बारिश हुई तो न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी। अगर, मौसम ठीक रहा तो वीकेंड पर गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। आइये जानते हैं आगे दो दिन तक मौसम कैसा रहने वाला है?
- दिल्ली-NCR में बारिश के आसार
आसमाम में छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में मार्च के अंतिम दिनों तक आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। लेकिन, इससे गर्मी पर खासा असर नहीं पड़ेगा। वहीं, अगर आज की बात करें तो दिल्ली में तापमान घटेगा। इसी तरह का मौसम गुरुवार को भी रहा। आज आसमान में सूरज का बादलों के साथ लुका छिपी का खेल जारी रहेगा। हो सकता है शाम तक बौछारें मौसम सुहावना कर दें।
न्यूनतम तापमान में आएगी कमी
उधर, पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण 29 और 30 मार्च को मैदानी इलाकों में बारिश के आसार बन रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के अलावा पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। जबकि, इस अवधि में पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। शुक्रवार से अधिकतम तापमान कम होना शुरू होगा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 37 से 75 प्रतिशत रहा। शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी होगी। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रह सकता है। 30 मार्च को भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान दोनों दिन 35 और न्यूनतम तापमान 22 से 20 डिग्री तक रह सकता है।
मार्च में 10 साल ऐसा रहा मौसम
स्काईमेट के मुताबिक, मार्च का अंतिम हफ्ता आमतौर पर गर्म रहता है। पिछले 10 साल में मार्च के महीने पर गौर करें तो महज एक बार तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा है। वहीं, दो बार 39 डिग्री के ऊपर गया है। साल 2014, 2020 और 2023 में मार्च में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर नहीं गया। स्काईमेट के अनुसार अभी के आसार के अनुसार अगले 10 दिनों तक तापमान 40 डिग्री के पार नहीं जाएगा। यह 35 से 39 डिग्री के बीच बना रह सकता है। हालांकि, राजस्थान के कई जिलों में अभी से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। मार्च में सामान्य तौर पर 17.4 एमएम बारिश होती है। इस बार महज 4.3 एमएम बारिश हुई। 2022 में मार्च पूरी तरह शुष्क रहा है, वहीं 2021 में भी मार्च में महज 3.6 एमएम बारिश हुई थी। वहीं 2018 में बूंदाबांदी हुई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
