Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega Delhi NCR Main: दिल्ली-एनसीआर में दिन-प्रतिदिन तापमान में बढ़ोतरी होती जा रही है। पिछले दिनों 40 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान अब बढ़कर 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिल्ली इस समय किसी आग की भट्टी से कम नहीं है। भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे दिल्ली-एनसीआर में आसमान भी अंगारे बरसा रहा है। तपती, जलती और चिलचिलाती गर्मी से लोगों को परेशानी होने लगी है। इतना ही नहीं गर्मी और लोगों की मुसीबत को और बढ़ाने के लिए दिल्ली-एनसीआर में लू की भी शुरुआत हो गई है। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में नौ स्थानों पर लू चली है। आने वाले दिनों में गर्मी के और बढ़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल
लू का ऑरेंज अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने दो दिन के लिए लू यानी हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हीटवेव की इस अवधि के दौरान दिल्ली का तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस जाने की संभावना है। गर्म हवाओं की रफ्तार 10 से 24 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। लू के अलर्ट में लोगों को दोपहर के समय कम से कम घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। इसके साथ गर्मी और लू से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी पीने और पानी की बोतल को साथ रखने के लिए कहा गया है। बढ़ती गर्मी में डिहाइड्रेशन और स्ट्रोक के मामले बढ़ने लगते हैं। इसलिए डॉक्टरों की सलाह होती है कि अधिक से अधिक पानी या ठंडे पेयजल जैसे लस्सी, छांछ और नीबूं पानी आदि का सेवन करें।
दिल्ली-एनसीआर में तापमान
बढ़ती गर्मी के साथ दिल्ली का तापमान भी बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, नजफगढ़ सबसे गर्म क्षेत्र रहा। यहां का तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दिल्ली के मुंगेशपुर का अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री, पूसा का तापमान 45.9 डिग्री, जाफरपुर का 45.9 डिग्री, पीतमपुरा का 45.8 डिग्री, आया नगर का 46.2 डिग्री, रिज का तापमान 45 डिग्री और पालम का 45.1 डिग्री सेल्सिसय दर्ज किया गया है। वहीं नोएडा के तापमान की बात करें तो शहर का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री और गाजियाबाद का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
