Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 31-AUG-2025: आज अगस्त के आखिरी दिन मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश के बाद शनिवार को शहर में कहीं बारिश की बूंद भी नहीं गिरी, जिससे उमस बढ़ी और हल्की गर्मी महसूस की गई। लेकिन आज रविवार, 31 अगस्त को मौसम एक बार फिर बदल गया। काले बादलों के बीच दिल्ली-एनसीआर में बारिश की शुरुआत हुई। मौसम विभाग ने सुबह ही दिल्ली में जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया था। आईएमडी के अलर्ट के बाद दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। बारिश से शहर का मौसम खुशनुमा हो गया है। चाय-पकौड़ों के साथ लोग बारिश का मजा ले रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर में आज झूमकर बरसेंगे मेघ (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
दिल्ली में बारिश का अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मौसम विभाग ने नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, शाहदरा, ईस्ट दिल्ली में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा वेस्ट दिल्ली, साउथ दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम सुहावना हो जाएगा। बारिश के बाद जलभराव की स्थिति का भी सामना करना पड़ सकता है। बारिश के अलर्ट के बीच दिल्लीवासियों को घर से बाहर जाते हुए छाता रखने की सलाह है। शहर के तापमान की बात करें तो आज न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रह सकता है। बारिश के बाद तापमान में कमी आएगी।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे फरीदाबाद और गुरुग्राम में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक के साथ यहां हल्की से मध्यम बारिश होगी और 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री रह सकता है।
गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में मौसम
मौसम विभाग ने आज गौतमबुद्ध नगर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। इस बीच गौतमबुद्ध नगर में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री रह सकता है। बारिश से तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।
गाजियाबाद में जोरदार बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली से सटे गाजियाबाद में 8.30 बजे जोरदार बारिश की शुरुआत हुई। बारिश से यहां मौसम खुशनुमा हो गया है। उमस से लोगों को राहत मिल रही है। लेकिन जगह-जगह जलजमाव भी हो गया है। यहां गरज-चमक के साथ बरसात हो रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
