Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-Oct-2025: दिल्ली-एनसीआर में बीते दो दिन -तीन दिनों से ठंड बढ़ गई है। यहां सोमवार से सुबह और शाम के दौरान बहुत अधिक ठंड महसूस की जा रही है। दोपहर के समय हो रही तीखी धूप का असर भी कम होने लगा है। शहर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। तापमान गिरने से ठिठुरन महसूस हो रही है। बीते दिनों शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया जा रहा था, लेकिन अब यह 30 डिग्री से कम 29-28 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान में भी कुछ कमी आई है। शहर के कई हिस्सों में कोहरा और धुंध देखने को मिल रही है। बदलते इस मौसम को देखते हुए आगामी दिनों में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी। अक्टूबर महीने के अंत तक यहां अच्छी ठंड पड़ेगी।
दिल्ली-एनसीआर में धुंध और कोहरे का डबल अटैक
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली में सुबह की शुरुआत कोहरे और धुंध के साथ हुई है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। सुबह के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। शहरवासियों ने जैकेट और शॉल निकाल ली है। दोपहर के समय धूप खिली रहेगी, लेकिन उसका असर कम होगा। यानी बीते दिनों में दोपहर के समय हो रही गर्मी का असर भी कम होने लगा है। बादलों और धुंध की परत के कारण सूरज के दर्शन भी नहीं हो रहे हैं। तापमान की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। तापमान में कमी आने के साथ ठंड भी बढ़ गई है। जल्द ही दिल्लीवासियों को कंबल की आवश्यकता पड़ने लगेगी।
आज दिल्ली में बारिश होगी या नहीं?
बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली पर बस इतना ही रहने वाला है कि यहां बादल छाए रहेंगे। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश की कोई संभावना नहीं नजर आ रही है। प्रदूषण कम करने के लिए कृत्रिम बारिश की तैयारियां तो की गई थी, लेकिन ये सफल नहीं हो पाई और दिल्ली में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। बताया जा रहा है कि आज, 29 अक्टूबर को दिल्ली के कुछ हिस्सों में एक बार फिर कृत्रिम बारिश कराने का प्रयास किया जाएगा।
एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा
एनसीआर में शामिल गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम धुंध और कोहरा देखने को मिल रहा है। दिल्ली की तरह ही यहां भी सुबह-शाम में ठंड बढ़ गई है। तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा रही है। आगामी दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। तापमान की बात करें तो गुरुग्राम और फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान क्रमशः 17 और 19 डिग्री रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक रहेगा। वहीं गाजियाबाद और नोएडा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
