दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा (03 Aug 2025): दिल्ली-एनसीआर में सुबह की शुरुआत तेज बारिश के साथ हुई है। एक तरफ झमाझम बारिश से कूल-कूल हुआ मौसम और दूसरी तरफ गर्म-गर्म चाय की चुस्कियां लेते हुए लोग बरसात का मजा ले रहे हैं। जहां कुछ लोगों के लिए बरसात के साथ सुबह की शुरुआत खुशनुमा हुई है, वहीं वीकेंड पर बाहर घूमने जाने वाले लोगों के प्लान बिगड़ते हुए नजर आ रहे हैं। बारिश से एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं दूसरी तरफ लोग जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। देर रात शुरू हुई बारिश के कई इलाकों में पानी भर गया है। सड़के लबालब भरी हुई है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल -
दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
दिल्ली में कल कैसा रहा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम पल-पल बदल रहा है। कभी धूप हो रही है तो कभी हवाएं चल रही हैं और फिर अचानक बारिश होने लगती है। ऐसा ही कुछ कल (2 अगस्त) देखने को मिला। सुबह की शुरुआत हल्की ठंडक के साथ हुई, फिर धूप खिली रही। बीच-बीच में हवाओं ने मौसम को सुहावना बनाए रखा। कल पूरा दिन दिल्ली में बादलों की आवाजाही देखने को मिली और रात होते ही दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश शुरू हो गई।
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली के कई इलाकों में देर रात शुरू हुई बारिश सुबह तक लगातार होती रही। इससे शहर के तापमान में कमी आई है और साथ ही मौसम में ठंडक का एहसास हो रहा है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 34 और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शहर का मौसम पूरे दिन सुहावना बना रहेगा और रुक-रुक कर कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो 9 अगस्त यानी रक्षा-बंधन के दिन तक दिल्ली का मौसम सुहावना बना रहेगा। लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में सुबह की शुरुआत तेज बारिश के साथ हुई है। बारिश ने पूरे गाजियाबाद को भीगो दिया है। यहां जोरदार बरसात के कारण मौसम कूल-कूल बना हुआ है और लोगों को उमस वाली गर्मी से राहत मिली है। तापमान में कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज गाजियाबाद में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार, शहर में दिन भर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। वहीं गौतमबुद्ध नगर की बात करें तो कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल रही है तो वहीं कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई है।
गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना बना रहेगा। तापमान की बात करें तो गुरुग्राम और फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान क्रमशः 26 और 28 डिग्री रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
