Delhi Metro: कश्मीरी गेट की तरह खास बनेगा एक और मेट्रो स्टेशन, ऐसी सुविधा वाला सिर्फ दूसरा स्टेशन

दिल्ली मेट्रो दिल्ली के लोगों के लिए लाइफलाइन है। सड़क पर लगने वाले जाम को देखते हुए दिल्ली के एक हिस्से से दूसरे छोर तक जाने के लिए मेट्रो ही सबसे अच्छा और सुलभ साधन है। दिल्ली मेट्रो अपने यात्रियों को सुविधा देने के लिए एक और स्टेशन को कश्मीरी गेट की तरह खास बनाने जा रहा है।

KEY HIGHLIGHTS
  • इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक कॉरिडोर की लंबाई 12.37 किमी
  • नई दिल्ली स्टेशन पर मिलेगी ट्रिपल इंटरचेंज फैसिलिटी
  • येलो और एयरपोर्ट लाइन के अलावा ग्रीन लाइन भी जुड़ेगी

दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) का कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन (Kashmiri Gate Metro Station) कई मायनों में खास है। कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन साल 2002 में दिल्ली चली पहले मेट्रो का बड़ा स्टेशन था। यहीं पर दिल्ली का सबसे बड़ा अंतर राज्यीय बस अड्डा (Interstate Bus Depot) भी है। इस लिहाज से कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन की अहमियत बढ़ जाती है। क्योंकि दूसरे राज्यों के लिए बस पकड़ने के लिए लोग मेट्रो में सवार होकर यहां पहुंच सकते हैं। इस स्टेशन की सबसे खास बात ये है कि यहां पर एक-दो नहीं बल्कि दिल्ली मेट्रो की तीन लाइन आती हैं। यह स्टेशन तीन लाइनों का इंटरचेंज स्टेशन है। कश्मीरी गेट स्टेशन पर सबसे पुरानी रेड लाइन मेट्रो (Red Line Metro) तो आती ही है, इसके अलावा येलो लाइन (Yellow Line Metro) और वॉयलेट लाइन मेट्रो (Violate Line Metro) से भी यात्री यहां उतर और चढ़ सकते हैं। अभी तक कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन तीन इंटरचेंज वाला इकलौता स्टेशन है, लेकिन जल्द ही दिल्ली को एक और ऐसा स्टेशन मिलेगा, जहां से आप तीन अलग-अलग मेट्रो लाइन पकड़ सकते हैं। चलिए जानते हैं -

Delhi-metro-newdelhi

दिल्ली मेट्रो

कौन सा स्टेशन बनेगा ट्रिपल इंटरचेंज

कश्मीरी गेट के अलावा जिस स्टेशन को ट्रिपल इंटरचेंज बनाए जाने की तैयारी है, वह नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन (New Delhi Metro Station) है। यह मेट्रो स्टेशन भी बहुत खास है। क्योंकि यह भारतीय रेलवे के दिल्ली में सबसे बड़े रेलवे स्टेशन (नई दिल्ली रेलवे स्टेशन) से कनेक्टिड है। यहां से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए ट्रेनें चलती हैं। दिल्ली मेट्रो का नई दिल्ली स्टेशन इसलिए भी खास है, क्योंकि यहीं से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) के लिए एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन मेट्रो (Airport Express Line Metro) भी चलती है। यात्री येलो लाइन में सवार होकर भी यहां पहुंच सकते हैं और फिर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन में सवार होकर IGI पहुंच सकते हैं या बाहर आकर भारतीय रेलवे के सफर का आनंद ले सकते हैं।

तीसरे लाइन कौन सी जुड़ेगी?

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और येलो लाइन तो पहले से मौजूद हैं, तीसरी लाइन कौन सी जुड़ेगी? यही आपका भी प्रश्न है तो बता दें कि ग्रीन लाइन मेट्रो (Green Line Metro) को इस स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा। फिलहाल बहादुरगढ़ में ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेशन से इंद्रलोक के बीच 28.78 किमी लंबे रूट पर चल रही ग्रीन लाइन को इंद्रपस्थ तक जोड़ने की योजना है। इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक 12.37 किमी लंबे इस नए कॉरिडोर में ही नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन भी आएगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को तीनों लाइन (येलो लाइन, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और ग्रीन लाइन) के लिए इंटरचेंज फैसिलिटी के तौर पर विकसित किया जाएगा। ग्रीन लाइन के नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से जुड़ जाने से शहर की कनेक्टिविटी को जबरदस्त फायदा होगा। बहादुरगढ़ के साथ ही पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों जैसे नागलोई, राजधानी पार्क, उद्योग पार्क, मुंडका, टिकरी बॉर्डर, पीरागढ़ी, पश्चिम विहार और पश्चिम विहार से यात्री सीधे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच पाएंगे।

End of Feed