Delhi Metro Latest News in Hindi: देश की राजधानी दिल्ली की लाइफ लाइन कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो ने अपने यात्रियों की सहूलियत के लिए अहम कदम उठाया है। डेल्ही मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने एयरपोर्ट लाइन पर वॉट्सऐप आधारित टिकट सेवा चालू की है। मंगलवार (30 मई, 2023) को डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक विकास कुमार ने मेट्रो भवन में सीनियर अफसरों की मौजूदगी में इस सेवा का शुभारंभ किया। इस सर्विस का इस्तेमाल करके मुसाफिर एयरपोर्ट लाइन पर सफर कर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत यात्री सीधे वॉट्सऐप पर ‘क्यूआर कोड’आधारित टिकट हासिल कर सकेंगे।
दिल्ली मेट्रो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की लाइफ लाइन मानी जाती है। (फाइल)
डीएमआरसी के मुताबिक, ‘‘लोगों के यात्रा अनुभव में डिजिटल माध्यम के जरिए बढ़ोतरी करते हुए दिल्ली मेट्रो ने अपनी एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर यात्रा के लिए एक वॉट्सऐप-आधारित टिकट सेवा शुरू की है।’’ सुविधा के शुरू होने से एयरपोर्ट लाइन पर यात्री अब अपने स्मार्टफोन से व्हाट्सऐप ‘‘चैटबॉट जनित क्यूआर कोड’’ आधारित टिकट का इस्तेमाल कर सकेंगे। डीएमआरसी ने आगे बताया कि यह सुविधा यात्रियों, खासकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए हवाई अड्डा लाइन का यूज करते हुए हवाई अड्डा जाने या वहां से आने के लिए निर्बाध यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी। वे अब एक समर्पित व्हाट्सऐप चैटबॉट (अंग्रेजी और हिंदी भाषा में उपलब्ध) के माध्यम से अपने फोन में टिकट खरीद और उपयोग कर सकते हैं।
यह भी बताया गया कि सेवा शुरू करने के लिए यात्रियों को अपने फोन की कॉन्टैक्ट लिस्ट में डीएमआरसी के आधिकारिक वॉट्सऐप नंबर 9650855800 को जोड़ना होगा। एकल और समूह यात्रा के लिए हर यात्री के लिए अधिकतम छह ‘‘क्यूआर कोड’’ आधारित टिकट बनाए जा सकते हैं। टिकट कार्य दिवस के अंत तक मान्य होंगे। हालांकि, एक बार प्रवेश कर लेने के बाद यात्रियों को गंतव्य स्टेशन से 65 मिनट में बाहर निकल जाना चाहिए। स्रोत (मूल) स्टेशन से बाहर निकलने के लिए यात्रियों को प्रवेश के समय से 30 मिनट के भीतर निकल जाना चाहिए।
वैसे, टिकट व्यावसायिक घंटे के बाद टिकट बुक नहीं किए जा सकेंगे और इस सेवा के तहत टिकट रद्द करने की अनुमति नहीं है। डीएमआरसी क्रेडिट या डेबिट कार्ड के माध्यम से किए गए लेनदेन के लिए मामूली सुविधा शुल्क लेगा। यूपीआई-आधारित लेनदेन के लिए कोई सुविधा शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस महीने की शुरुआत में, डीएमआरसी ने सभी लाइन पर यात्रा के लिए ‘‘क्यूआर कोड’’-आधारित पेपर टिकट की शुरुआत की थी। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
