दिल्ली-मेरठ Namo Bharat कॉरिडोर का बड़ा काम पूरा, बारापुला फ्लाईओवर पर रखा गया स्टील स्पैन; कब खुलेगा रूट?

Delhi-Meerut Namo Bharat Corridor: दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के तहत सराय काले खां स्टेशन को जंगपुरा स्टेबलिंग यार्ड से कनेक्ट करने के लिए बारापुला फ्लाईओवर पर 200 टन वजन के स्टील स्पैन को स्थापित कर दिया गया है। फिलहाल, दिल्ली के न्यू अशोक नगर से उत्तर प्रदेश के मेरठ साउथ तक के 55 किलोमीटर के खंड में 11 स्टेशनों पर ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। एनसीआरटीसी का लक्ष्य 2025 तक पूरा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर को आम जनता के लिए चालू करने का है।

Delhi-Meerut Namo Bharat Corridor: दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के तहत सराय काले खां स्टेशन को जंगपुरा स्टेबलिंग यार्ड से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) ने बारापुला फ्लाईओवर पर 200 टन वजन के स्टील स्पैन के सफलतापूर्वक निर्माण और स्थापना का कार्य पूरा कर लिया है। यह स्पैन कॉरिडोर के वायाडक्ट को सुचारू रूप से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। यह विशेष स्टील स्पैन चार बड़े स्टील गर्डर्स से मिलकर बना है, जिनमें सभी की लंबाई 40-40 मीटर और वजन 50-50 टन है।

Barapullah flyover steel span installed

बारापुला फ्लाईओवर पर स्टील स्पैन को स्थापित (फोटो)

फ्लाईओवर के दोनों ओर रखा गया गर्डर

इस चुनौतीपूर्ण कार्य को एनसीआरटीसी की टीम ने दिल्ली प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से रात के समय दो चरणों में पूरा किया। यह स्थान तकनीकी दृष्टि से काफी जटिल था, क्योंकि यहां एक नीचे जमीन पर नाला बह रहा है, तो दूसरी ओर इसके ऊपर बारापुला फ्लाईओवर स्थित है। नमो भारत कॉरिडोर को इन दोनों संरचनाओं को पार करते हुए उनके ऊपर से आगे बढ़ना है, जिसके लिए इस विशेष स्टील स्पैन का निर्माण किया गया। गर्डर्स को जमीन से उठाकर पहले फ्लाईओवर पर रखा गया और फिर फ्लाईओवर के दोनों ओर खड़ी क्रेनों की मदद से उन्हें निर्धारित पिलर्स पर सावधानीपूर्वक स्थापित किया गया।

End of Feed