Lal Qila Metro Station Reopens: दिल्ली की राजधानी में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार धमाके के बाद सुरक्षा बढ़ाने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने कड़े कदम उठाए थे। इस घटना के चलते लाल किला मेट्रो स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद किया गया था, लेकिन अब इसे फिर से संचालन के लिए खोल दिया गया है। इस जानकारी की पुष्टि DMRC ने शनिवार को की।
दिल्ली लाल किला मेट्रो स्टेशन फिर से खुला (फोटो: iStock)
डीएमआरसी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर जानकारी दी कि "सेवा अपडेट: लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 2 और 3 अब यात्रियों के लिए खुल चुके हैं।" इससे पहले, गुरुवार को डीएमआरसी ने एक पोस्ट में बताया था कि सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन तब तक बंद रहेगा जब तक नई सूचना नहीं दी जाती। उन्होंने यह भी कहा था कि अन्य सभी स्टेशन सामान्य रूप से परिचालन में हैं।
सुरक्षा कारणों से हुआ था मेट्रो स्टेशन बंद
गौरतलब है कि, बीते सोमवार को वॉयलेट लाइन पर स्थित लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के बाहर एक कार में भयंकर धमाका हुआ। इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की ताकत इतनी अधिक थी कि मेट्रो स्टेशन के एंट्री गेट पर लगे शीशे टूट गए। घटना के तुरंत बाद आस-पास के मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए एंट्री रोक दी गई थी।
इन चीजों से खिलाफ होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, धमाके के बाद दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। मुख्य सड़कें, बाजार और मेट्रो मार्ग अब सीसीटीवी कैमरों के जरिए रियल टाइम में निगरानी के दायरे में हैं। कंट्रोल रूम को भी विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके। इसके साथ ही, सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने चेताया है कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने की कोशिश को गंभीरता से लिया जाएगा और इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट - आईएएनएस)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
