दिल्ली में साइबर क्राइम के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला और सामने आया है। लेकिन इस बार साइबर ठगों ने किसी बंगला साबिह गुरुद्वारे के पुस्तकालय विभाग में मैनेजर के रूप में कार्यरत जसविंदर नाम की महिला को ठगी का निशाना बनाया है। ठगों ने सीबीआई अधिकारी बनकर इस वारदात को अंजाम दिया है। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली में साइबर ठगों ने महिला के बैंक से उठाए 2.5 लाख रुपये (फोटो- Canva)
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जालसाजों ने सीबीआई अधिकारी बनकर महिला को बताया कि उनके बैंक खाते में गलत पैसे होने का खतरा है। इतना ही नहीं ठगों ने महिला को यह भी कहा की यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने बताया कि जालसाजों ने महिला को वीडियो कॉल किया और उसके माध्यम से उसे डराया।
डरा-धमका कर दिया वारदात को अंजाम
वीडियो कॉल पर रखते हुए सीबीआई का अधिकारी बने एक जालसाज ने कहा कि उनके (जसविंदर) खाते में 68 मिलियन रुपये ट्रांसफर हुए हैं, जबकि जसविंदर का खाता उस बैंक में नहीं है। जसविंदर ने हाल ही में अपना पैन कार्ड और आधार कार्ड खो दिया था, जिससे वह और अधिक चिंतित हो गईं। जालसाजों ने उन्हें वीडियो कॉल न काटने की धमकी दी और उनके बैंक खाते की जानकारी लेकर 2.50 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि पैसे वापस मिल जाएंगे और वह इस मामले में शामिल नहीं हैं। लेकिन जब पैसे वापस नहीं आए, तब जसविंदर को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली के साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
