Delhi Development: यह साल राजधानी दिल्ली के विकास के नाम रहने वाला है। इस साल दिल्ली में जी-20 देशों के कई कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसके कारण इस समय विकास के पंख लगे हैं। एक के बाद एक प्रोजेक्ट पूरे हो रहे हैं। इसी साल राजधानी में दो बड़े व्यावसायिक केंद्र खुल जाएंगे, जिससे राजधानी को इंटरनेशनल लेवल पर एक नई पहचान मिलेगी। इसके अलावा इस साल राजधानी के अंदर हवाई परिवहन को सुविधाजनक बनाने के लिए कई प्रोजेक्ट पूरे हो रहे हैं। जिससे दिल्लीवालों को कई तरह से फायदा मिलेगा। आइये जानते हैं कि इस साल दिल्ली में कौन से बड़े प्रोजेक्ट पूरे होने वाले हैं।
निर्माणाधीन इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर
आईजीआई एयरपोर्ट का टर्मिनल 3 और रनवे 4
इस साल आईजीआई एयरपोर्ट पर सेवाओं का बड़ा विस्तार होने जा रहा है। इस साल जहां टर्मिनल-1 को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, रनवे संख्या-4 से भी उड़ान शुरू हो जाएगी। इससे जहां टर्मिनल-3 पर लगने वाली यात्रियों की भीड़ कम होगी, वहीं 4 रनवे होने से यात्रियों को फ्लाइट के लिए लंबा इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। इन दोनों सुविधाओं को शुरू करने की तारीख अभी फाइनल नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि मई माह तक दोनों सुविधाओं को शुरू किया जाएगा।
टैक्सी-वे भी शुरू होगा
इसी साल दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइनल रोड के बीच बन रहा टैक्सी-वे भी शुरू हो जाएगा। जिसके बाद टैक्सी-वे के नीचे से वाहन बगैर जाम में फंसे गुजर सकेंगे। इससे उन लोगों को राहत मिलेगी, जिनकी आखिरी समय पर फ्लाइट मिस हो जाती है। वहीं, इसके ऊपर से विमान टी-3 और टी-1 के बीच आना-जाना कर सकेंगे।
द्वारका एक्सपो सेंटर अप्रैल तक खुलेगा
द्वारका में बन रहा देश का सबसे बड़ा इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर भी इस साल अप्रैल माह तक खोल दिया जाएगा। 89 हेक्टेयर में बनाए जा रहे इस सेंटर में कई सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। यहां के ऑडिटोरियम में एक साथ करीब 10 हजार लोग आ सकेंगे। इस सेंटर को बेहतर परिवहन सुविधा के लिए एयरपोर्ट, मेट्रो, अर्बन एक्सटेंशन रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा है।
प्रगति मैदान कन्वेंशन सेंटर मार्च तक बनेगा
प्रगति मैदान में चल रहा इंटरनेशनल एग्जीबिशन कम कन्वेंशन सेंटर का निर्माण भी इस साल मार्च तक पूरा हो जाएगा। इस एग्जीबिशन सेंटर को सवा दो हजार करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है, इसका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसके खुलने के बाद यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
