Delhi News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। टीम ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया, जिसकी कमान एक नाइजीरियाई ड्रग किंगपिन कैलिस्टस उर्फ कालिस के हाथ में थी। इस गैंग से जुड़े भारत में काम कर रहे नेटवर्क की पोल खुलने के बाद पुलिस ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ड्रग्स जब्त की हैं। बता दें कि इस ऑपरेशन में 5 नाइजीरियन को गिरफ्तार किया गया है और एक होंडा सिटी कार से कोकीन, नकली आईडी और 2 लाख से ज्यादा नकद बरामद किया गया है।
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 100 करोड़ के ड्रग्स जब्त किए
विदेश तक हैं गैंग की पहुंच
बताया जा रहा है कि इस गैंग की पहुंच मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, जापान और यूके तक फैली हुई है। दरअसल पिछले महीने की 13 तारीख को दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक कूरियर पार्सल से पुलिस को शक हुआ। जब पार्सल खोला गया तो उसमें 895 ग्राम MDMA छुपाई हुई थी, जो भारतीय सूट और महिलाओं के जूतों के बीच में छुपाकर भेजी जा रही थी। पूछताछ के बाद कैमूरून के रहने वाले कामेनी फिलिप नाम के व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसके पास से 2 किलो से ज्यादा कोकीन मिली। बता दें कि पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी इस सिंडिकेट का इंडिया हेड था और उसे नाइजीरिया से कोकीन मिलती थी।
कॉल सेंटर की तरह चल रही थी कोकीन डिलीवरी
मिली जानकारी के अनुसार, ये पूरा सिंडिकेट कॉल सेंटर की तरह चल रहा था। ग्राहक WhatsApp पर ऑर्डर देते थे और डिलीवरी एजेंट, जो ज्यादातर नाइजीरियाई नागरिक होते थे, उन्हें फूड डिलीवरी ऐप की तरह ड्रग्स पहुंचाते थे। ग्राहकों के लिए डिलीवरी आसान बनाने के लिए ड्रग पहुंचाने वाले एजेंट एक खास तरह के कपड़े पहनते थे, जिससे उनकी पहचान आसन हो जाती थी।
क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किए आरोपी
क्राइम ब्रांच ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनके नाम कामेनी फिलिप (कैमूरून) – सिंडिकेट का इंडिया ऑपरेशन हेड। ये पहले नाइजीरियन पासपोर्ट पर आया था, फिर कैमूरून की नागरिकता के नाम पर फर्जी पासपोर्ट बनवाकर दोबारा भारत आया। कौलाई फिलिप (कोट डी आइवोर) – डिलीवरी बॉय जो साउथ दिल्ली के पार्टी इलाकों में ड्रग्स सप्लाई करता था। गॉडविन जॉन उर्फ अडोर (नाइजीरिया) – सिंडिकेट का पुराना ऑपरेटर, जिसने चतरपुर में किचन की आड़ में ड्रग्स का कारोबार चलाया। केलेची चिकवे उर्फ विक्टर (नाइजीरिया) – वसंत कुंज में डिलीवरी एजेंट। इबे चिनेडु ऑस्टिन उर्फ एलिन्वा (नाइजीरिया) – 2011 से भारत में अवैध रूप से रह रहा था, डिलीवरी और कलेक्शन का काम देखता था। क्राइम ब्रांच ने इनके पास से कुल 2703 ग्राम कोकीन, 1041 ग्राम MDMA, 1028 ग्राम गांजा, और करीब 2 लाख रुपये कैश बरामद किए है। इसके अलावा कई मोबाइल फोन, पासपोर्ट और नोटबुक्स जिसमें ड्रग्स बिक्री का रिकॉर्ड था बरामद किए है। नाइजीरिया से व्हाट्सएप कॉल्स के जरिए ऑर्डर आते थे।
इंडिया में नाइजीरियाई नागरिक डिलीवरी एजेंट का काम करते थे।
इनंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रग्स की तस्करी महिलाओं के जरिए की जा रही थी। इंडिया में शुद्ध कोकीन को मिलावट करके 4 गुना तक बढ़ाकर बेचा जाता था। बताया जा रहा है कि हवाला सिस्टम के जरिए पैसों की लेनदेन भारत से नाइजीरिया तक होती थी। दिल्ली पुलिस ने इस गिरोह के कई अहम सदस्यों को पकड़कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। मगर पुलिस का कहना है कि अभी कई और लोग इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है और जल्द से जल्द इन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
