Delhi Airport T2: दिल्ली हवाई अड्डा परिचालक डायल ने बुधवार को कहा कि टर्मिनल 2 (T2) के अप्रैल से चार से पांच महीने के लिए बंद रहने की संभावना है। इस अवधि के दौरान ‘अपग्रेडेशन’ के लिए एक रनवे भी बंद रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) में तीन टर्मिनल टी1, टी2 और टी3 हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट टी2
कब तक बंद रहेगा T2
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (DIAL) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विदेह कुमार जयपुरियार ने बुधवार को कहा कि टी-1 पर कार्य 15 मार्च तक पूरा होने की उम्मीद है और अपेक्षित मंजूरी मिलने के बाद इसे उड़ानों के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टी-2 को अप्रैल में चार से पांच महीने के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। टी-2 के करीब 1.5 करोड़ यात्रियों को टी-1 पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण हवाई अड्डा संचालक टी-3 के उस हिस्से को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए खोलेंगे जहां से वर्तमान में घरेलू उड़ानों का परिचालन होता है। इस हवाई अड्डे पर सालाना करीब 10.9 करोड़ यात्रियों की आवाजाही होती है। वर्तमान में, टी-1 पर सालाना करीब चार करोड़ यात्रियों की, टी-2 पर 1.5 करोड़ यात्रियों आवाजाही होती है। अन्य यात्री टी-3 से आते-जाते हैं।
लो विजिविलिटी में भी संचालित हो सकेंगी उड़ानें
उन्होंने कहा कि टी-2 चार से पांच महीने के लिए बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान हमारा एक रनवे बंद रहेगा, क्योंकि आईएलएस (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम) अद्यतन का काम जारी है। हम इसे सर्दियों के मौसम से पहले पूरा करना चाहते हैं। इस काम के पूरा होने के बाद उड़ानें कम दृश्यता की स्थिति में संचालित हो पाएंगी। गौरतलब है कि सर्दियों के मौसम में हवाई अड्डे पर आमतौर पर कोहरे के कारण दृश्यता संबंधी समस्याएं आती हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
