डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में चल वैजयन्ती इंटर कॉलेज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मीडिया प्रोपगेंडा का पर्याय विषय पर कॉलेज की 'संवाद' वाद विवाद समिति ने इसका आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में 23 कॉलेजों के कुल 46 प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखे। चल वैजयन्ती प्रतियोगिता में श्री वेंकटेश्वर कॉलेज की तनुश्री जोशी और शांभवी ने पहला पुरस्कार जीता। दूसरे नंबर पर रामजस कॉलेज के श्वेतांक और खुशबू रहे और तीसरा पुरस्कार शहीद भगत सिंह कॉलेज के आदित्य शर्मा व रौनक दीक्षित ने हासिल किया।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. सदानंद प्रसाद, संवाद समिति संयोजक प्रो. बिजेंद्र कुमार और अतिथियों ने विजेताओं को चल वैजयन्ती ट्रॉफी भेंट की। संवाद वाद विवाद समिति की सह-संयोजक दिलजीत कौर ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि जब इस कॉलेज की स्थापना हुई है, तब से यह वाद विवाद प्रतियोगिता चली आ रही है और यह दिल्ली विश्वविद्यालय में काफी प्रतिष्ठित वाद विवाद प्रतियोगिता है।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. सदानंद प्रसाद ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वाद-विवाद का मंच विद्यार्थियों को अपनी बौद्धिक क्षमता को बढ़ाने का अवसर देता है। संवाद वाद-विवाद समिति के संयोजक प्रो. बिजेंद्र कुमार ने कहा कि यह प्रतियोगिता सिर्फ ट्रॉफी जीतने तक ही सीमित नहीं है। अगर आप प्रतिभागियों को ध्यानपूर्वक सुनते भी हैं तो निश्चित ही आप यहां से कुछ सीख कर जाएंगे।
IIMC के प्रो प्रमोद कुमार ने कहा कि कुछ युवा वक्ताओं में काफी ऊर्जा दिखी। आपने मीडिया के इतिहास और उससे भी पीछे की बात की। एक वर्ग है जो मीडिया को प्रोपगेंडा के तौर पर देखता है। वहीं दूसरा इसको ऐसा नहीं मानता।
बता दें कि प्रतियोगिता की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई। पौधे देकर अतिथियों का स्वागत किया गया। पहले सत्र का मंच संचालन दिव्यांश गांधी और करुणा नयन ने किया। जबकि दूसरे सत्र का मंच संचालन डॉ. विनीत कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रो बिजेंद्र कुमार, प्रो रामप्रकाश द्विवेदी, प्रो राजेश उपाध्याय, प्रो सुनीता मलिक, अर्चना माथुर , डॉ नेहा शर्मा, डॉ विनीत कुमार, डॉ राकेश कुमार, डॉ प्रवीण झा, डॉ सुभाष गौतम, डॉ रंजीत कुमार, अंशुमन कुमार के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
