Delhi News: नवंबर महीने में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार 15 दिनों तक वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही है और विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले सप्ताह में भी दिल्लीवासियों को इससे राहत मिलने की संभावना कम है। शुक्रवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 369 दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार को यह 377, बुधवार को 327, मंगलवार को 352 और सोमवार को 382 रहा था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ‘समीर’ ऐप के मुताबिक, द्वारका सेक्टर-8 में सबसे अधिक 414 का AQI रिकॉर्ड किया गया। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दिनों में भी प्रदूषण का स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की प्रबल संभावना है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता नवंबर में 15 दिन ‘बेहद खराब' (फोटो: पीटीआई)
AQI का स्तर 400 के पार
‘समीर’ ऐप के आंकड़ों के अनुसार, आरके पुरम, पंजाबी बाग, नेहरू नगर, द्वारका, रोहिणी, जहांगीरपुरी और मुंडका सहित कई स्टेशनों पर एक्यूआई का स्तर 400 से ऊपर दर्ज किया गया। सुबह के शुरुआती समय में 39 मॉनिटरिंग केंद्रों में से 18 पर वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पाई गई। सीपीसीबी की श्रेणियों के मुताबिक, 0-50 तक का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 के स्तर को ‘गंभीर’ माना जाता है। पुणे स्थित भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के अनुमान के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन की हिस्सेदारी लगभग 18 प्रतिशत रही। वहीं आसपास के क्षेत्रों में यह योगदान सोनीपत में 8.7 प्रतिशत, करनाल में 3.9 प्रतिशत और पानीपत में 6.9 प्रतिशत आंका गया। संस्थान का यह भी कहना है कि प्रदूषण में पराली जलाने का प्रभाव लगभग 1.2 प्रतिशत रहा।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
अनुमान के अनुसार, शनिवार को दिल्ली की वायु प्रदूषण स्थिति में वाहनों से उत्सर्जित धुएं की हिस्सेदारी लगभग 18.4 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जबकि पराली जलाने का प्रभाव करीब 1.7 प्रतिशत रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.2 डिग्री नीचे रहा। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि शाम तक यह घटकर 67 प्रतिशत रह गई। आईएमडी (IMD) ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि शनिवार को शहर में कोहरा छाया रह सकता है और अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
